)
बिहार के मुजफ्फरपुर में नाला निर्माण के लिए खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन में बड़ा धमाका हुआ है. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोगों के घायल होने की सूचना है. वहीं, दर्जनों घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और मुजफ्फरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी. मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस प्रशासन की टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
दरअसल, पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के गोबरसही चौक के समीप का है, जहां आज आरसीडी विभाग की ओर से नाला निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई का काम कराया जा रहा था. इसी दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही गैस पाइपलाइन में अचानक जोरदार धमाका हो गया. धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में दर्जनों घर और कई गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
धमाके के बाद स्थानीय लोग घायलों को लेकर अलग-अलग अस्पतालों की ओर भागने लगे. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर पुलिस की कई टीमें, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी कुमार उत्सव, रेस्क्यू विभाग, अग्निशमन विभाग की कई टीमें और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गईं. सभी टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. फिलहाल, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है और हालात पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है.
हालांकि, स्थानीय लोगों की मानें तो इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल इस संबंध में कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं. हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं और कितने घरों व गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आनी बाकी है. फिलहाल, मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है. घटनास्थल से इस मामले में अधिक जानकारी दे रहे हैं.
रिपोर्ट: मणितोष कुमार