)
राष्ट्रीय जनता दल ने पटना में एक दिन पहले शुक्रवार सुबह हुए एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाया है. राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और मनेर से विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार में मुसलमानों और यादवों को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इन दोनों समुदायों के लोगों को फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है और जमानत मिलने में भी रोड़े अटकाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस तरीके से एनकाउंटर हो रहे हैं, वह गलत है. सिस्टम इस तरह नहीं चलता. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. राजद सांसद मीसा भारती ने भी पटना के दानापुर में हुए एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाया है.
भाई वीरेंद्र ने कहा कि एनकाउंटर हो रहा है तो गलत हो रहा है. इस तरह से संस्थान और कोई भी सिस्टम नहीं चलता है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुझे यह कहने में कोई भी संकोच नहीं है कि मुस्लिम और यादवों को एनकाउंटर में टारगेट किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस तरीके से एनकाउंटर हो रहा है, निश्चित तौर पर इस पूरे मामले को देखा जाना चाहिए.
विधान परिषद चुनाव में जनता दल यूनाइटेड की हार और समीक्षा पर कमेटी बनाए जाने को लेकर भाई वीरेंद्र ने कहा कि एनडीए में कुछ ठीक नहीं चल रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि थोड़ा इंतजार कर लीजिए.
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का हाल निशांत कुमार ने देख लिया है. किसने चुनाव में खेल किया है. फिर खेला होगा. बिहार में खेल का इंतजार कीजिए. दो बार नीतीश कुमार देख चुके हैं और फिर वह देख रहे हैं कि किस दल के लोगों ने हमारे साथ गड़बड़ और भितरघात किया है.
एक दिन पहले जब एनकाउंटर के विरोध में परिजन प्रदर्शन कर रहे थे तो राजद सांसद मीसा भारती वहां पहुंची थीं. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राजा शर्मा नाम के व्यक्ति को बुलाकर मार दिया गया. लोगों ने मर्डर का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया था. मीसा भारती का कहना था कि लोगों में इस एनकाउंटर को लेकर काफी गुस्सा है. इस मामले की न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए.