SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मोतिहारी में जाली नोट के कारोबार का खुलासा, लगभग 20 लाख रुपये के साथ एक गिरफ्तार, मोबाइल में मिले संदिग्ध चैट

मोतिहारी में हरसिद्धि पुलिस ने जाली नोट के कारोबार और रुपये की हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. मानिकपुर चौक पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने गोरखपुर निवासी रोहित कुमार शाही को 19 लाख 98 हजार 500 रुपये के साथ गिरफ्तार किया.

Edited By Rupak Kumar
Published: Oct 31, 2026, 10:12 AM IST | Updated: Oct 31, 2026, 10:25 AM IST
Image Credit: मोतिहारी में जाली नोट के कारोबार का खुलासा, लगभग 20 लाख रुपये के साथ एक गिरफ्तार (zee media)
Join

बिहार केमोतिहारी में हरसिद्धि थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली नोट के कारोबार और रुपये की हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने मानिकपुर चौक पर वाहन जांच के दौरान एक व्यक्ति को 19 लाख 98 हजार 500 रुपये के साथ गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बरहलगंज थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय रोहित कुमार शाही के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मोबाइल की जांच में जाली नोट के कारोबार से संबंधित संदिग्ध चैट और वीडियो भी मिले हैं.

डीएसपी पंकज कुमार ने बताया

अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि डायल-112 की पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि यूपी नंबर की एक फॉर्च्यूनर कार और उसके पीछे चल रही नेक्सॉन कार में सवार कुछ लोग मोतिहारी से अरेराज की ओर जा रहे हैं. सूचना के आधार पर एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में हरसिद्धि पुलिस को कार्रवाई करने को कहा गया. पुलिस ने मानिकपुर चौक पर वाहन जांच शुरू की. इस दौरान फॉर्च्यूनर कार तेजी से निकल गई, जबकि उसके पीछे आ रही नेक्सॉन कार को जांच के लिए रोका गया. इसी बीच कार से उतरकर बैग लेकर भागने का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया. हालांकि, नेक्सॉन कार में सवार अन्य लोग भागने में सफल रहे. पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति के बैग की तलाशी ली तो उसमें 500 रुपये के नोटों के 40 बंडल मिले. कुल 3,997 नोटों की कीमत 19 लाख 98 हजार 500 रुपये बताई गई है. रुपये के बारे में पूछताछ करने पर आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और लगातार अपना बयान बदलता रहा.

ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 55 दिन बाद किसलय हत्याकांड का खुलासा, पैसों के विवाद में दोस्तों ने की हत्या, एक गिरफ्तार
 

मोबाइल में मिले चैट

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति के मोबाइल की जांच में फॉर्च्यूनर कार में सवार सोनू सिंह के साथ जाली नोटों से संबंधित चैट मिली है. मोबाइल के रीसायकल बिन में एक ही नंबर वाले पांच नोटों की तस्वीरें भी मिलीं. इसके अलावा फेक करेंसी से जुड़े कई वीडियो भी बरामद किए गए हैं. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि फॉर्च्यूनर और नेक्सॉन कार में सवार लोग गोरखपुर के निवासी हैं और बेतिया में जाली नोटों के कारोबार से जुड़े हैं. पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और कारोबार से जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए मोतिहारी और बेतिया जिले में कई ठिकानों पर छापेमारी की गई. इस दौरान पश्चिमी चंपारण जिले के बानुछापर थाना क्षेत्र के बेलवा निवासी अशोक मिश्रा के घर से .350 बोर के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए.

जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में बानुछापर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार, अशोक मिश्रा पर नोटों की हेराफेरी से जुड़े करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और जाली नोटों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और इस कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

रिपोर्ट:  पंकज कुमार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES