App

मोकामा डबल मर्डर केस का 24 घंटे में खुलासा, चोरी के 800 रुपये के विवाद में दो युवकों की हत्या

मोकामा थाना क्षेत्र के बरहमपुर में कुएं से दो युवकों के शव मिलने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, चोरी के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में सोनू कुमार की हत्या की गई थी.

मोकामा डबल मर्डर केस का 24 घंटे में खुलासा, चोरी के 800 रुपये के विवाद में दो युवकों की हत्या
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)

बिहार के पटना जिला के मोकामा थाना क्षेत्र के बरहमपुर में कुएं से दो युवकों के शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कारू बिन्द, गोलू कुमार और शिवा के रूप में हुई है. एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दोहरे हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.

चोरी की रकम के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कारू बिन्द चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम देता था. तीनों आरोपी मिलकर चोरी की वारदात करते थे. हाल ही में चोरी किए गए तांबे की बिक्री से मिली रकम और चोरी के 800 रुपये के बंटवारे को लेकर सोनू कुमार और अन्य आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में आरोपियों ने सोनू कुमार को गांव के ही कुंए के पास बुलाया था.

डंडे और पत्थर से हमला कर दोनों को कुएं में फेंका

वहां विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने डंडे और पत्थर से सोनू कुमार पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया. इसके बाद घटना का राज खुलने के डर से आरोपियों ने चश्मदीद रजनीश कुमार और अचेत अवस्था में पड़े सोनू कुमार के हाथों को शर्ट से बांध दिया और दोनों को कुएं में फेंक दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ईंट से वार कर दोनों की हत्या कर दी थी.

दोहरे हत्याकांड का राज छिपाने के लिए रजनीश की हत्या

पुलिस की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि रजनीश कुमार क हत्या इसलिए की गई, ताकि वह दोहरे हत्याकांड का राज किसी के सामने न खो सके. वहीं, सोनू कुमार की हत्या चोरी की रकम के बंटवारे को लेकर हुए  विवाद और आपसी रंजिश का परिणाम थी. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है.

रिपोर्ट: चंदन राय

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More