)
रोहतास जिले के सासाराम में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां 26 सितंबर, 2026 दिन शनिवार को बड्डी थाना क्षेत्र के डूमरखोह जंगल में स्थित एक कुएं से एक विवाहिता का शव बरामद हुआ है. पुलिस मृतका को नाबालिग बता रही है. हालांकि, मिली जानकारी के अनुसार, 2 महीने पहले ही बिक्रमगंज के मानी गांव की रहने वाली 16 साल की लड़की का बड्डी के रहने वाले 20 साल के युवक पिंकू बिंद से प्रेम विवाह हुआ था.
बताया जा रहा है कि अब उसी लड़की का शव एक बोरे में बंद कर कुएं में फेंक दिया गया. इस संबंध में लड़की के पति पिंकू बिंद और एक अन्य व्यक्ति धनजी पासी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, बिक्रमगंज के मानी गांव के रहने वाले मंटू राम की बेटी लक्ष्मी बड्डी में अपनी मौसी के यहां आई हुई थी. इस दौरान बड्डी के रहने वाले पिंकू राम ने नाबालिग लड़की से शादी कर ली थी और उसे डूमरखोह के जंगल में रखे हुए था.
पीड़ित पिता ने बताया कि मेरी लड़की को उसके ससुराल वालों ने मारकर फेंक दिया. मेरी बहन ने बताया कि कुएं में बेटी की लाश मिली है. मैंने छानबीन की और मामले की जानकारी जुटाने की कोशिश की, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ. इसी बीच ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने कुएं से लड़की का शव बरामद कर लिया है.
सासाराम के बड्डी थाने के पुलिसकर्मी मणि शंकर पासवान ने बताया कि एक लड़की की हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया था. सूचना मिली कि लड़की के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जानकारी मिलते ही हम पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस अब हत्या के कारणों की तलाश कर रही है.
बता दें कि शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में है, जिस कारण बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच के फॉरेंसिक विभाग में भेजा जाएगा. इस संबंध में रोहतास के एसपी मिस्टर राज ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है.
रिपोर्ट: अमरजीत यादव