SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बाढ़ के बीच कर्मा पूजा में कई हादसेः बिहार के अलग-अलग जिलों में कई लोग डूबे, 5 की मौत

कर्मा पूजा के दौरान बिहार के कई जिलों से बड़ी दर्दनाक हादसे सामने आए. इस दिन अलग-अलग जिलों में कई लोग के डूबने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.

Written By K. Raj Mishra
Published: Sep 23, 2026, 10:03 AM IST | Updated: Sep 23, 2026, 10:31 AM IST
Image Credit: प्रतीकात्मक तस्वीर
Join

बाढ़ के बीच बिहार में कर्मा पूजा बड़े धूमधाम से मनाई गई. इस पर्व के दिन कुछ जिलों से दर्दनाक घटनाएं भी सामने आईं. प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कई लोग डूब गए, जिनमें से 5 की मौत हो गई. कुछ लोग अभी तक लापता बताए जा रहे हैं. जमुई जिले से भी ऐसा ही मामला सामने आया है. कर्मा पर्व के अवसर पर टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ स्थित महादेव स्थान पोखर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे. देर शाम तक लोगों के स्नान की प्रक्रिया चलती रही. शाम करीब 7 बजे बड़ा हादसा हो गया और स्नान के दौरान दो लड़कियां डूब गईं, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक बच्चियों की पहचान सतीश महतो की बेटी रानी कुमारी और बिजली महतो की बेटी चांदनी कुमारी के रूप में हुई है.

कर्मा पर्व पर स्नान के दौरान बड़ा हादसा

बताया जा रहा है कि कर्मा पर्व को लेकर गांव की कई बच्चियां महादेव स्थान पोखर में स्नान करने गई थीं. नहाने के दौरान दोनों बच्चियां अचानक पोखर की गहराई में चली गईं और डूबने लगीं. अन्य बच्चियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को बाहर निकाला और सदर अस्पताल लेकर गए. हालांकि, तबतक काफी देर हो चुकी थी. सदर अस्पताल के डाक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी टाउन थाना की पुलिस को दी गई. पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी करके देर रात दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया. इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है.

नालंदाः महिला-बच्ची समेत तीन लोगों की डूबकर मौत

नालंदा जिले में भी कर्मा पूजा के दिन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में डूबने की तीन दर्दनाक घटनाएं सामने आईं. इन हादसों में एक बच्ची, एक महिला और एक युवक की मौत हो गई. पहली घटना रहुई थाना क्षेत्र के बसानपुर और कुवरडीह गांव के गोइठवा नदी की है, जबकि दूसरी घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के बल्धा गांव की है. रहुई थाना क्षेत्र के गोइठवा नदी में कर्मा पूजा को लेकर स्नान करने गई 42 वर्षीय राधा देवी और 7 वर्षीय नंदनी कुमार की डूबने से मौत हो गई. बताया जाता है कि बसानपुर गांव की रहने वाली राधा देवी और कुवरडीह गांव की नंदनी कर्मा पूजा को लेकर गोइठवा नदी में नहाने गई थीं. इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने से उनकी मौत हो गई.

जिसकी लंबी उम्र के लिए व्रत रखा, वो भाई नहीं रहा

नालंदा की दूसरी घटना नगरनौसा थाना क्षेत्र के बल्धा गांव की है. यहां 19 वर्षीय दिलखुश कुमार कर्मा पूजा को लेकर तालाब से मिट्टी लाने गया था. परिजनों के मुताबिक, दिलखुश की बहन ने अपने भाई की लंबी उम्र के लिए कर्मा पूजा का व्रत रखा था. पूजा के लिए मूर्ति बनाने को मिट्टी लाने के दौरान पैर फिसलने से दिलखुश तालाब में जा गिरा और डूबने से उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है.

मनेरः 6 डूबे, तीन लोग अभी तक लापता

इसी तरह से मनेर थाना क्षेत्र के हल्दी छपरा गांव में भी कर्मा पूजा के अवसर पर गंगा नदी में पूजा सामग्री प्रवाहित करने गए 6 लोग डूब गए. स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को नदी से बाहर निकालने में कामयाबी हासिल की, जबकि तीन लोग नदी के बहाव में बह गए. वे लोग अभी तक लापता हैं. अब पुलिस प्रशासन और स्थानीय गोताखोर द्वारा लापता लोगों की तलाश की जा रही है. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. वहीं, राजधानी पटना से भी ऐसा ही हादसा सामने आया. जानकारी के मुताबिक, बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर प्रखंड में मूर्ति विसर्जन के दौरान छह लोग गंगा नदी में डूब गए.

पटनाः 6 डूबे, एक की मौत, दो लापता

स्थानीय लोगों की मदद से तीन को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक युवक की डूबने से मौत हो गई. वहीं, दो लोग अभी तक लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है. बताया जा रहा है कि सभी लोग मूर्ति विसर्जन के लिए बख्तियारपुर के गंगा घाट पर पहुंचे थे. मूर्ति विसर्जन के लिए आगे ले जाने के दौरान कुछ लोग नदी की तेज धारा में चले गए और 6 लोग डूबने लगे. घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने किसी तरह तीन युवकों को किसी तरह नदी से बाहर निकाल लिया. दो लोग तेज धारा में बहते हुए दूर निकल गए. वहीं, स्थानीय गोताखोरों के प्रयास से एक डेड बॉडी को गंगा नदी से बाहर निकाला गया है. मृतक की पहचान ददौर निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है. वहीं, बलबीर और गोलू लापता बताए जा रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES