SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सलाखों के पीछे भी अटूट आस्था, मधेपुरा और सीतामढ़ी जेल में कैदियों ने तैयार किए छठ घाट, महिला-पुरुष बंदी कर रहे हैं छठ व्रत

बिहार के जेलों की चारदीवारी के भीतर आस्था की अनूठी छटा देखने को मिल रही है. मधेपुरा और सीतामढ़ी मंडल कारा में बंदियों ने आकर्षक छठ घाट बनाए है. जेलों में छठी मिया का गीत गूंज रहा है. महिला और पुरुष बंदी छठ व्रत कर रहे हैं.

Edited By Shailendra
Published: Nov 15, 2026, 13:37 IST | Updated: Nov 15, 2026, 13:54 IST
Image Credit: मधेपुरा और सीतामढ़ी मंडल कारा में कैदियों ने मिलकर तैयार किए छठ घाट (Photo-AI)
Join

लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम पूरे देश में है. हर तरफ भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है. इसी बीच मधेपुरा मंडल कारा से आस्था और आपसी सहयोग की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. यहां जेल परिसर के अंदर पांच महिला बंदी छठ व्रत कर रही हैं. वहीं, सीतामढ़ी जेल में इस बार छठ पर्व को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है. उनके लिए जेल प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है.

मधेपुरा मंडल कारा में कैदियों ने बनाया आकर्षक छठ घाट

मधेपुरा मंडल कारा परिसर में खुले आसमान के नीचे आकर्षक छठ घाट तैयार किया गया है. खास बात यह है कि इस घाट को सजाने और संवारने के लिए बाहर से किसी कलाकार को नहीं बुलाया गया, बल्कि जेल में बंद कैदियों ने आपसी सहयोग से इसे बेहद खूबसूरत रूप दिया है. घाट की सजावट और व्यवस्था देखते ही बन रही है.

जेल परिसर के अंदर बने इस आकर्षक छठ घाट की तस्वीरें सामने आने के बाद यह चर्चा का विषय बना हुआ है. जेल की चारदीवारी के भीतर भी छठी मईया के प्रति श्रद्धा और आस्था में कोई कमी नहीं दिख रही है.

इस संबंध में जानकारी देते हुए जेल अधीक्षक राजेश कुमार राय ने बताया कि छठ व्रत करने की इच्छुक महिला बंदियों को जेल प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई है. साथ ही अन्य बंदियों ने भी मिल-जुलकर छठ घाट का निर्माण और सजावट की है.

जेल अधीक्षक ने बताया कि व्रतियों की सुविधा और धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. मंडल कारा के भीतर छठ का यह आयोजन आस्था, सहयोग और मानवीय संवेदना की एक अनूठी मिसाल पेश कर रहा है.

सीतामढ़ी जेल की चारदीवारी के भीतर भी छठ की आस्था, बंदियों के लिए जेल में ही बना घाट

सीतामढ़ी जिले में इस बार छठ पर्व को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है. जिला प्रशासन की ओर से छठ व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं. इसी कड़ी में सीतामढ़ी मंडल कारा में भी छठ महापर्व की छटा देखने को मिल रही है. जेल में बंद महिला और पुरुष बंदी भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ छठ व्रत कर रहे हैं.

डीएम के निर्देश पर जेल प्रशासन की ओर से बंदी व्रतियों के लिए जेल परिसर में ही घाट की व्यवस्था की गई है. उन्हें पूजन सामग्री और नए वस्त्र भी उपलब्ध कराए गए हैं. जेल के भीतर ही तमाम जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि बंदी व्रती पूरी विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें. जेल की चारदीवारी के भीतर आस्था और भक्ति का यह दृश्य छठ की लोक परंपरा और सामाजिक समरसता का संदेश दे रहा है.

सीतामढ़ी से त्रिपुरारी शरण और मधेपुरा से प्रशांत किशोर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: गंगा घाटों से गांव की गलियों तक गूंजे पारंपरिक गीत, रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया पूरा बिहार

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES