कटिहार में खड़े ट्रक से टकराई लग्जरी कार, 3 श्रद्धालुओं की मौत, गंगा स्नान करने जा रहे थे सभी
कटिहार में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. हादसे में गंगा स्नान करने जा रहे तीन श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि दो लोग घायल हो गए. मनिहारी-कटिहार फोरलेन पर नारायणपुर कुतुबपुर के पास यह भीषण हादसा हुआ.
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर कटिहार नगर क्षेत्र के बैगना निवासी गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा शुक्रवार की अहले सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई. मनिहारी-कटिहार फोरलेन पर नारायणपुर कुतुबपुर के समीप सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में तेज रफ्तार लग्जरी गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि लग्जरी गाड़ी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.
हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में शंभु सिंह (66), उषा सिंह (64) और मंजू रानी साहा (65) शामिल हैं. तीनों कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना निवासी बताए गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार के बैगना निवासी कुछ लोग छठ पर्व को लेकर मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने के लिए लग्जरी गाड़ी से निकले थे. सभी के मन में छठ महापर्व को लेकर उत्साह और गंगा स्नान की आस्था थी, लेकिन मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर कुतुबपुर के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई.
बताया जाता है कि मनिहारी-कटिहार फोरलेन पर एक बालू लदा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान कटिहार की ओर से आ रही लग्जरी गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को बाहर निकालने के लिए मदद शुरू की गई. सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया. तीनों मृतकों के शव को एंबुलेंस से सदर अस्पताल कटिहार भेजा गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए मनिहारी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों में चालक और एक बच्ची भी शामिल बताई गई है.
मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान कटिहार की ओर से आ रही कार ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी. वाहन में सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: रंजन कुमार
यह भी पढ़ें: वैशाली में दर्दनाक घटना: एक ही परिवार के चार लोगों ने खाया जहर, तीन की मौत