परीक्षा देकर लौट रहे इंजीनियरिंग छात्रों के टेंपो को हार्वेस्टर ने मारी टक्कर, 9 घायल, 2 की हालत नाजुक
जहानाबाद जिला में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. परीक्षा देकर लौट रहे इंजीनियरिंग छात्रों से भरी टेंपो में हार्वेस्टर ने टक्कर मार दी. इस टक्कर से 9 छात्र घायल हो गए. जबकि, दो की हालत नाजुक बनी हुई है. सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
गया इंजीनियरिंग कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रहे छात्रों के साथ जहानाबाद में बड़ा हादसा हो गया है. यहां छात्रों से भरी टेंपो में तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने सीधी टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में टेंपो सवार नौ छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें दो छात्रों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. घटना हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव के पास की है. वहीं, इस हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई.
सड़क हादसे का शिकार हुए गया इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र
बताया जा रहा है कि जहानाबाद इंजीनियरिंग कॉलेज के बैच 2024-28 के छात्र गया में सेमेस्टर की परीक्षा देने गए थे. परीक्षा खत्म होने के बाद सभी छात्र एक टेंपो पर सवार होकर जहानाबाद लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित हार्वेस्टर ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद टेंपो सड़क पर ही पलट गई और चीख-पुकार मच गई.
सभी घायलों को एक निजी मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से सभी घायल छात्रों को आनन-फानन में हुलासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. घायलों में छात्र आकाश कुमार, अविनाश कुमार, मुन्ना यादव, विकास कुमार, गौरव कुमार, आनंद कुमार, अंकित कुमार और कुमार गौरव शामिल हैं. छात्रों की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद सभी को एक निजी मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया है.
दो छात्रों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई
इधर, घटना की सूचना मिलते ही इंजीनियरिंग कॉलेज के करीब डेढ़ सौ छात्र और शिक्षक अपने साथियों का हाल जानने अस्पताल पहुंच गए, जिससे अस्पताल परिसर में भारी गहमागहमी देखने को मिली. चिकित्सकों के अनुसार, दो छात्रों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिनका विशेष निगरानी में इलाज जारी है.
भागलपुर में बेकाबू कार ने MBBS छात्र को उड़ाया
बता दें कि भागलपुर में तेज रफ्तार कार ने एक होनहार मेडिकल छात्र को कुचल दिया, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई. घटना 5 नवंबर गुरुवार देर रात की है, जब जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के एक पीजी छात्र की कार ने मेडिकल कॉलेज के ही MBBS छात्र की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे में MBBS 2023 बैच के छात्र रितेश सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
पीजी डॉक्टरों ने नशे में बरपाया कहर
पुलिस की जांच में कार चला रहे पीजी छात्र के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है. आक्रोशित मृतक के बैचमेट एमबीबीएस के छात्र-छात्रा ओपीडी बंद कर धरने पर बैठ गए और आरोपियों गिरफ्तारी की मांग की.
रिपोर्ट: मुकेश कुमार
यह भी पढ़ें: पीजी डॉक्टरों ने नशे में बरपाया कहर: कार से MBBS छात्र को उड़ाया, OPD ठप कर धरने पर बैठे छात्र, 25 लाख मुआवजे की मांग