)
भागलपुर में तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि एक होनहार मेडिकल छात्र की जान चली गई. घटना गुरुवार देर रात की है, जब जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के एक पीजी छात्र की कार ने मेडिकल कॉलेज के ही MBBS छात्र की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में MBBS 2023 बैच के छात्र रितेश सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. जांच में कार चला रहे पीजी छात्र के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है. आक्रोशित मृतक के बैचमेट एमबीबीएस के छात्र-छात्रा ओपीडी बंद कर धरने पर बैठ गए और आरोपियों गिरफ्तारी को लेकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की.
प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने आरोपी पीजी डॉक्टर पर कड़ी करवाई की मांग की है. इसके साथ ही 25 लाख रुपये मुआवजे की भी डिमांड रखी गई है. छात्रों का कहना है कि जब तक ये मांगें नहीं मानी जाएंगी, प्रदर्शन जारी रहेगा. आक्रोशित छात्रों को समझाने पहुंचे विधायक रोहित पांडे ने उन्हें उचित न्याय का भरोसा दिया. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर संदीप लाल ने प्रशासन उचित कार्रवाई कर रहा है. जो आरोपी हैं, उनमें से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि फिलहाल हमने छात्र-छात्राओं के लिए दिवाली और छठ की छुट्टी दे दी है. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रेडियो डिपार्टमेंट के डॉक्टर गौरव, सर्जरी डिपार्टमेंट के डॉक्टर चंद्र मोहन, पीडियाट्रिक्स डिपार्टमेंट से आकांक्षा कुमारी, शिवानी कुमारी एवं रुचि है. डॉ. गौरव पूरी तरह नशे में धुत था और कार भी वहीं चला रहा था.
गुरुवार देर रात मेडिकल कॉलेज की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने रितेश सोनी की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी थी. उसके बाद रितेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े थे. हादसे के बाद कार चालक ने रुककर घायल की मदद करने के बजाय गाड़ी लेकर भागने की कोशिश की. हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
उसके बाद डायल 112 की टीम वहां पहुंची और घायल रितेश को मायागंज अस्पताल ले जाया गया. रात करीब दो बजे मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. एपी दुबे भी अस्पताल पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद रितेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से पीएमसीएच रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस हादसे में कार चला रहे पीजी छात्र की पहचान आंध्र प्रदेश के थुमुकुड़ा निवासी गौरव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं, जांच में कार चालक के शराब के नशे में होने की बात पुष्ट हो गई है.
रिपोर्ट: अश्वनी कुमार