)
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं. इस दौरान सीएम धामी देहरादून में स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने दीपावली के पावन अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के साथ दीपावली का पर्व मनाया. साथ ही सीएम धामी ने सभी को दीपावली की हार्दिक बधाई दी.
दीपावली सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को दीपावली की बधाई देते हुए उनके सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की. सीएम धामी ने कहा कि दीपावली भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है. यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर और निराशा से आशा की ओर बढ़ने का संदेश देता है. साथ ही सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देता है.
सीएम धामी ने की ये अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दीपावली का महत्व केवल घरों में दीप जलाने तक सीमित नहीं है. यह त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एक-दूसरे की मदद करने की भावना को भी मजबूत करता है. उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमें समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं. सभी को मिलकर सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए.