App

अयोध्या में लौटा त्रेतायुग: 30 लाख से अधिक दीपों से सजी रामनगरी, ऐसा रहा भव्य दीपोत्सव

10वें दीपोत्सव में रामनगरी अयोध्या त्रेता युग जैसी दिखी. हर किसी की आंखें टकटकी लगाए देख रही थी. हाथ जोड़ों लाखों लोग श्रीराम के जयकारे लगाते रहे.

अयोध्या में लौटा त्रेतायुग: 30 लाख से अधिक दीपों से सजी रामनगरी, ऐसा रहा भव्य दीपोत्सव
Image Credit: Social Media

अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया. सरयू किनारे भव्य सांस्कृति आयोजन और लेजर शो से अयोध्या में त्रेता युग जैसा नजारा देखने को मिला. सरयू घाट पर 30 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए. गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में 10वीं बार दीपोत्सव मनाया गया. उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम की पैड़ी पर श्रद्धा, आस्था के दीप प्रज्वलित किए.

आसमान में आतिशबाजी भी की  

अतिथियों ने उप्र पर्यटन विभाग द्वारा तैयार की गई रामायण के विभिन्न प्रसंगों का 3डी होलोग्राफी प्रोजेक्शन मैपिंग तथा लाइव परफॉर्मेंस के साथ भव्य लेजर शो के माध्यम से अवलोकन भी किया। उप राष्ट्रपति ने अपने भाषण में इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर भगवान राम के अयोध्या नगरी आगमन पर भव्य आतिशबाजी भी की गई।

56 घाटों पर जले 30 लाख से ज्यादा दीये

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आग्रह पर शनिवार को रामनगरी अयोध्या के घर-घर, मठ-मंदिर, आश्रम, चौराहों, भवनों समेत हर जगह दीप प्रज्वलित किए गए. राम की पैड़ी समेत 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप जलाए गए. इसके लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्विद्यालय, महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों व स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े 35 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने दीप बिछाए और उनमें तेल-बाती डालकर दीप प्रज्ज्वलन में महती भूमिका निभाई.  

मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिमंडल भी पहुंचा  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ रामकथा पार्क अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, मां सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, संकटमोचन हनुमान व ऋषि-मुनियों की आरती उतारी, उन्हें तिलक लगाकर व पुष्पमाला पहनाकर श्रद्धा निवेदित की. यहां राम परिवार व ऋषि-मुनियों का पूजन भी किया गया. मंच पर मुख्यमंत्री, संतों व मंत्रियों ने श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक भी किया.

हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा  

अवधपुरी में पुष्पक विमान से 'राम-लक्ष्मण व मां सीता' उतरीं तो हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने उनका रथ भी खींचा. अयोध्या में अपने राजा के प्रति श्रद्धा का यह नजारा देख हर कोई खुशी से झूम उठा. हर साधु-संत, सनातन धर्मावलंबियों व आमजनमानस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आशीर्वाद से अभिसिंचित किया.

उपराष्ट्रपति, राज्यपाल ने किया श्रीराम का राजतिलक

दीपोत्सव पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भगवान श्रीराम का राजतिलक किया और उनकी आरती उतारी. सभी ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण जी और हनुमान जी को तिलक लगाकर और उपहार भेंट कर श्रद्धा प्रकट की. इसके पश्चात साधु-संतों, अन्य मंत्रियों ने भी प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया और आरती उतारकर अपनी श्रद्धा निवेदित की. पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा.

श्रीराम के जयकारों से गूंजती रही अयोध्या  

बता दें कि यूपी में 2017 में योगी की सरकार बनने के बाद अयोध्या में दीपोत्सव की ​परिकल्पना साकार हुई. हर साल अयोध्या दीपोत्सव की भव्यता भी बढ़ती गई. पूरी अयोध्या में श्रीराम के जयकारों से गूंजती रही. सीएम योगी ने भी राम कथा पार्क व राम की पैड़ी पर ‘सियावर रामचंद्र भगवान, पवनसुत हनुमान, वृंदावन बिहारी लाल, सरयू मैया, भारत माता, हर हर महादेव’ की जयकार से अपना उद्बोधन शुरू किया. समापन भी ‘जय जय श्रीराम’ से ही किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना 'एक भारत- श्रेष्ठ भारत' का शानदार नजारा भी शनिवार को अयोध्या में दिखा. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More