BJP के साथ तनातनी के बीच JDU की अहम बैठक आज, जानें क्या है मीटिंग का असली मकसद?
बीजेपी के साथ तनातनी के बीच जेडीयू ने आज (शुक्रवार, 18 सितंबर) अपने सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों की एक बैठक बुलाई है. इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हो सकते हैं. बैठक को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है.
फरक्का जल संधि, बिहार MLC चुनाव और UCC जैसे मुद्दों पर बीजेपी के साथ तनातनी के बीच जेडीयू ने आज (शुक्रवार, 18 सितंबर) अपने सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों की एक बैठक बुलाई है. इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल हो सकते हैं. पार्टी की ओर से इसे एक दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम बताया गया है. कार्यक्रम का आयोजन पार्टी कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में होना है. इस बैठक को लेकर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी का नाम जेडीयू से बदलकर जनता दल नीतीश रखने का प्रस्ताव रखा जाएगा. हालांकि, पार्टी ने इसका खंडन किया है.
इस मीटिंग का असली मकसद क्या है?
जेडीयू का कहना है कि इस कार्यक्रम का मकसद विधायकों और एमएलसी को सदन की कार्यप्रणाली और उनकी विधायी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी देना है, जिससे सदन में पार्टी विधायक और एमएलसी जनता के हित और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को तथ्यों के साथ मजबूती से रख सकें. पार्टी के सीनियर नेताओं का कहना है कि इस कार्यक्रम में किसी राजनीतिक या संगठनात्मक निर्णय की योजना नहीं है.
PRS लेजिसलेटिव रिसर्च के विशेषज्ञ देंगे ट्रेनिंग
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्यक्रम में पीआरएस लेजिसलेटिव रिसर्च नाम की एक संस्था के विशेषज्ञ जेडीयू जनप्रतिनिधियों को ट्रेनिंग देंगे. इस कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर के लिए एक अलग सत्र भी होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि अपनी सारी शंकाओं से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं. कार्यक्रम को लेकर जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि नीतीश कुमार इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे.
तेजस्वी यादव ने तंज कसा
जेडीयू की इस बैठक पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि जेडीयू अब भाजपा की 'बी टीम' बन चुकी है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में बीजेपी में उसका विलय हो जाएगा. तेजस्वी ने कहा कि मैं पहले से कहता रहा हूं कि जेडीयू अब बीजेपी की 'बी टीम' है. आने वाले दिनों में उसका बीजेपी में विलय हो जाएगा. जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा इस विलय को सहज बनाने में लगे हैं. हमने कहा था कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और वही हुआ.