App

जन सुराज पहुंचा बिहार विधान परिषद, निर्दलीय MLC के बीजेपी में शामिल होने पर दर्ज कराई शिकायत, सदस्यता रद्द करने की मांग

जन सुराज के नेता बिहार विधान परिषद पहुंचे और दोनों निर्दलीय एमएलसी के सदस्य के बीजेपी में शामिल होने की शिकायत की. साथ ही सभी सबूत पेश किया. दल विरोधी कानून दसवीं अनुसूची के अनुसार, कोई भी निर्दलीय किसी भी परिस्थिति में किसी दल का सदस्य नहीं हो सकता है.

जन सुराज पहुंचा बिहार विधान परिषद, निर्दलीय MLC के बीजेपी में शामिल होने पर दर्ज कराई शिकायत, सदस्यता रद्द करने की मांग
Image Credit: बीजेपी में शामिल हुए दोनों निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता रद्द करने की अर्जी (Z News)

प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज के नेता 2 नवम्बर सोमवार को बिहार विधान परिषद पहुंचे. उन्होंने विधान परिषद के सभापति रामबचन राय से मुलाकात कर निर्दलीय निर्वाचित विधान पार्षद राहुल राज और बंशीधर बृजवासी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. जन सुराज नेताओं ने दोनों एमएलसी पर बीजेपी की सदस्यता लेने को लेकर गंभीर सवाल उठाए. इस संबंध में सभी जरूरी दस्तावेज व सदस्यता नंबर भी सभापति को सौंपे हैं.

जन सुराज के नेता किशोर मुन्ना ने दल-बदल कानून के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी सबूतों के साथ यह शिकायत सभापति के समक्ष रखी गई है. उन्होंने बताया कि सभापति ने पूरे मामले को बहुत गंभीरता से सुना है और इस पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने का पूरा भरोसा भी दिलाया है. संविधान की दसवीं अनुसूची के अनुसार, कोई भी निर्दलीय विधायक या विधान पार्षद किसी भी परिस्थिति में किसी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं बन सकता है.

पूर्व एमएलसी रामबली चंद्रवंशी ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम लोगों ने विधिवत शिकायत दर्ज करा दी है और सभापति से यह आग्रह किया है कि इस मामले में तुरंत नोटिस जारी कर उन लोगों से जवाब मांगा जाए. साथ ही उनकी सदस्यता रद्द की जाए. रामबली चंद्रवंशी ने कहा कि सभापति ने उन्हें यह आश्वस्त किया है कि इस पूरे मामले पर बहुत जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी.

वहीं, इस मामले पर राजद ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा कि निर्दलीय नवनिर्वाचित बिहार विधान परिषद सदस्य बंशीधर बृजवासी और डॉ. राहुल राज ने 31 अक्टूबर शनिवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की. इसके अगले ही दिन यानी 1 नवंबर की सुबह को ही राजद ने मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. राजद ने दोनों सदस्यों की सदस्यता रद्द किए जाने के लिए मुख्य सचेतक (विरोधी दल), बिहार विधान परिषद सदस्य अब्दुल बारी सिद्दीकी की तरफ से उपसभापति, बिहार विधान परिषद को लिखे गए पत्र को ईमेल करने के माध्यम से राष्ट्रीय जनता दल ने सबसे पहले उपसभापति के समक्ष अपनी मांग को आधिकारिक रूप से दर्ज किया.

राष्ट्रीय जनता दल के सभी वरिष्ठ नेता अभी वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली के आयोजन को लेकर दिल्ली में हैं. पटना पहुंचते ही राजद शिष्टमंडल उपसभापति महोदय से मिलकर अपना विरोध पुनः उनके समक्ष रखेगा.

रिपोर्ट: सन्नी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More