SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पटना से ट्रेन में सफर के दौरान लापता हुए थे जनसुराज के देवपालिक गुप्ता, झारखंड के जंगल में मिला शव

पटना से ट्रेन में सफर के दौरान लापता हुए जनसुराज के देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड के जंगल मिला है. मिली जानकारी के अनुसार, वो पटना से ट्रेन में सफर के दौरान लापता हुए थे.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Oct 27, 2026, 02:27 PM IST | Updated: Oct 27, 2026, 04:08 PM IST
Image Credit: जन सुराज नेता देवपालिक गुप्ता झारखंड के जंगल में मृत मिले (फाइल फोटो)
Join

रांची: प्रशांत किशोर की अगुआई वाली जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर 21 वर्षीय देवपालिक गुप्ता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. सोमवार को रांची से पटना जाने के दौरान ट्रेन से अचानक गायब हुए देवपालिक का शव मंगलवार दोपहर रांची जिले के मुरी जंक्शन के समीप जंगल वाले इलाके से बरामद किया गया है.

जनसुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने शव मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा है या कोई आपराधिक वारदात. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के निवासी और दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व छात्र देवपालिक गुप्ता जनसुराज पार्टी में डिजिटल मीडिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे थे.

READ ALSO: मिथुन का क्यों किया गया था मर्डर? पुलिस ने कर दिया खुलासा, 10 साल से था महिला से अवैध संबंध

परिजनों और सहकर्मियों के अनुसार, 26 अक्टूबर को वह अपने दो अन्य साथियों के साथ रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के सी-2 कोच में सवार होकर पटना लौट रहे थे. दोपहर तीन बजे मुरी स्टेशन पहुंचने से कुछ देर पहले वह पेंट्री कार की तरफ भोजन का ऑर्डर देने गए थे, जिसके बाद वह अपनी सीट पर वापस नहीं लौटे. काफी समय बीत जाने के बाद जब साथियों ने उनकी तलाश शुरू की तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला.

ट्रेन में मौजूद टीटीई और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के साथ पूरी ट्रेन और मुरी स्टेशन पर छानबीन की गई लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद यात्रियों ने बोकारो पहुंचने पर रेल मदद ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराई लेकिन आरोप है कि आरपीएफ और जीआरपी की क्षेत्राधिकार से जुड़ी खींचतान के कारण मामले में प्राथमिकी दर्ज होने में छह घंटे से अधिक का विलंब हुआ. अंततः रात नौ बजे रांची में मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई.

देवपालिक के सहकर्मियों ने पुलिस-प्रशासन पर शुरुआती घंटों में ढिलाई बरतने और रात में सघन तलाशी अभियान न चलाने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और रांची जिला प्रशासन को टैग करते हुए त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई थी. फिलहाल पुलिस और जीआरपी की संयुक्त टीम शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की तफ्तीश में जुटी है.

आईएएनएस
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES