SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जमुई सदर अस्पताल की लापरवाही: प्रसव कक्ष से गायब रहीं महिला डॉक्टर, इलाज के अभाव में गर्भवती की मौत

जमुई सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर लड़खड़ा गई है. डिलीवरी रूम में महिला डॉक्टर के मौजूद न होने के कारण मां और नवजात शिशु दोनों की मौत हो गई. परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि गर्भवती महिला रात 11 बजे अस्पताल पहुंची थी, लेकिन सुबह 5 बजे उसकी मौत हो गई.

Edited By Ranjana Kumari
Published: Oct 04, 2026, 10:17 AM IST | Updated: Oct 04, 2026, 10:38 AM IST
Image Credit: जमुई सदर अस्पताल की लापरवाही (जी मीडिया)
Join

जमुई सदर अस्पताल के प्रसव कक्ष में ड्यूटी के दौरान महिला चिकित्सक के कथित तौर पर मौजूद नहीं रहने से एक प्रसूता की मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के नरियाना गांव निवासी सुजीत कुमार की 28 वर्षीय पत्नी अनिता कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों ने आक्रोश जताते हुए अस्पताल प्रबंधन और ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि यदि समय पर महिला चिकित्सक प्रसव कक्ष में मौजूद रहतीं और प्रसूता को आवश्यक उपचार मिलता तो उसकी जान बचाई जा सकती थी.

सुबह तक होता रहा महिला चिकित्सक का इंतजार
प्रसुता महिला के पति सुजीत कुमार ने बताया कि बीते शनिवार (3 अक्टूबर) की देर रात अनिता कुमारी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. इसके बाद उसे तत्काल खैरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. उन्होंने बताया कि रात करीब 11 बजे अनिता को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उस समय प्रसव कक्ष में महिला चिकित्सक मौजूद नहीं थीं. स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रसूता की जांच की और चिकित्सक के आने की बात कही, लेकिन रात बीत गई और रविवार (4 अक्टूबर) की सुबह तक महिला चिकित्सक के आने का इंतजार ही होता रहा.

प्रसूता की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों का कहना है कि अस्पताल पहुंचने के बाद अनिता की स्थिति लगातार बिगड़ती गई. परिजन महिला चिकित्सक के आने की उम्मीद में इंतजार करते रहे. रविवार की सुबह करीब पांच बजे प्रसूता ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय हस्तक्षेप नहीं मिलने के कारण स्थिति गंभीर होती गयी और आखिरकार प्रसूता की मौत हो गई. प्रसुता की मौत की खबर मिलने के बाद सुबह छः बजे डॉ शालीनी सदर अस्पताल पहुंची.

यह भी पढ़ें: पटना में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: केन्या, बंगाल और छत्तीसगढ़ की 3 महिलाएं रेस्क्यू... पुलिस ने 2 मैनेजरों को दबोचा

महिला डॉक्टर पर की जाएगी आवश्यक कार्रवाई
परिजनों ने बताया कि अनिता कुमारी का यह तीसरा प्रसव था. उसके पहले से एक लड़की और एक लड़का है, तीसरे प्रसव को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन प्रसव से पहले ही उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर महिला चिकित्सक की मौजूदगी होती तो जच्चा-बच्चा दोनों को बचाने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय कदम उठाये जा सकते थे. इस संबंध में पूछे जाने पर सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. थनीष कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी ली है, जांच की जा रही है. ड्यूटी से गायब रहने वाली महिला डॉक्टर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. परिजनों ने अब तक किसी भी तरह का आवेदन नहीं दिया गया है.

रिपोर्ट: अभिषेक निरला

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES