)
Jamui News: शराबबंदी वाले बिहार में झारखंड के रास्ते जमुई तक पहुंच रही शराब की दो बड़ी खेप रविवार को पुलिस और उत्पाद विभाग के हत्थे चढ़ गई. मलयपुर और खैरा थाना क्षेत्र में हुई अलग-अलग कार्रवाई में कुल 2227.440 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. दोनों मामलों में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब ढोने में इस्तेमाल किया गाया एक पिकअप और एक बोलेरो को जब्त कर लिया गया है. बरामद शराब की कीमत 22.27 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रहीं है.
कटौना में पिकअप से 1117 लीटर शराब बरामद
पुलिस ने पहली कार्रवाई मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना में गिद्धौर-जमुई मुख्य मार्ग पर हुई. गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने एक संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली. वाहन के अंदर से 125 पेटियों में रखी 3216 बोतलों में कुल 1117.440 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. इस गाड़ी का नंबर BR 11 GF/9077 को जब्त कर लिया गया. प्रारंभिक जांच में शराब की यह खेप धनबाद से मुजफ्फरपुर ले जाए जाने की बात सामने आई है. मौके से तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया. इनमें धीरज कुमार (19), नितिन कुमार (21) और सुनील कुमार (29) शामिल हैं. धीरज धनबाद सदर थाना क्षेत्र के ठाकुर कुल्ही, नितिन सरायढेला थाना क्षेत्र के सुगियाडीह और सुनील जमुई के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ का रहने वाला बताया जा रहा है. इस मामले में उत्पाद विभाग ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
खैरा में बोलेरो से शराब की दूसरी खेप पकड़ी
वहीं, एक ही दिन पुलिस ने दुसरी कार्रावाई करते हुए खैरा थाना क्षेत्र के निमनवादा-पिपराटांड़ के पास शराब की दूसरी खेप पकड़ी. पुलिस को सूचना मिली थी कि देवघर से शराब लेकर एक बोलेरो बड़ीबाग की ओर आ रही है. इसके बाद थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह और एसआई सावन कुमार के नेतृत्व में टीम ने गाड़ी को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान इस बोलेरो से 15 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई.
चालक गिरफ्तार, मुकेश की तलाश में जुटी पुलिस
इन 15 पेटियों में 750 एमएल की 120 बोतलों वाली 10 पेटियां और 350 एमएल की 120 बोतलों वाली 5 पेटियां शामिल थीं. इस तरह खैरा में कुल 1110 लीटर शराब बरामद हुई. पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर चालक रोहित यादव, पिता बालो यादव, निवासी अंधरीगदर, जसीडीह, देवघर को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में रोहित ने पुलिस को बताया कि जसीडीह में मुकेश नामक व्यक्ति ने उसे बोलेरो लेकर जाने के लिए कहा था और इसके बदले पांच हजार रुपये देने की बात हुई थी. उसने यह भी कहा कि वह पहली बार इस तरह का काम कर रहा था. हालांकि, उसके इस दावे की पुलिस स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है. शराब को देवघर से जमुई लाया जा रहा था और इसे यहां किस व्यक्ति या स्थान पर पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांचकी जा रही है.
रिपोर्ट: अभिषेक निरला