मनेर एनकाउंटर के बाद दानापुर अस्पताल में हाईवोल्टेज ड्रामा, भारी पुलिस बल तैनात
मनेर एनकाउंटर के बाद दानापुर अस्पताल में हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. पुलिस की निगरानी में तीनों अपराधियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था. इस बीच एक शख्स को मृतक अपराधी के परिजनों ने पकड़कर जमकर पिटाई करना शुरू कर दिया.
पटना के मनेर थाना क्षेत्र स्थित शेरपुर गंगा घाट पर आज सुबह (6 नवंबर, 2026) पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन अपराधियों को मार गिराया. मारे गए अपराधियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहा मुख्य आरोपी जेपी यादव और उसके दो साथी बबलू और राजा शर्मा शामिल बताए जा रहे हैं. अपराधियों की गोली से मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी घायल हो गए हैं. वहीं, RJD सांसद मीसा भारती दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचीं.
अनुमंडल अस्पताल के बाहर हंगामा
मनेर थाना क्षेत्र में एनकाउंटर में तीन अपराधियों की मौत के बाद बॉडी दानापुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचा, जहां पुलिस की निगरानी में तीनों अपराधियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था. इस बीच एक शख्स को मृतक अपराधी के परिजनों ने पकड़कर जमकर पिटाई करना शुरू कर दिया. बताया यह जा रहा है कि जिस शख्स की पिटाई मृतक के परिजन कर रहे हैं, वह शख्स पुलिस का मुखबिर है और परिजन को यह आशंका है कि इसी के कहने पर पुलिस ने इन तीन अपराधियों को पकड़ा और उसके बाद उनका एनकाउंटर किया. इसी वजह से मृतक के परिजन ने अस्पताल कैंपस में उस युवक को देखकर पकड़ा और जमकर पिटाई करनी शुरू कर दी.
पुलिस युवक को बचाती रही, पर पुलिस से छीनकर लोगों ने उसकी पिटाई की. पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर किसी तरह मुखबिर की जान बचाई. अब अस्पताल में सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, लेकिन परिजन अभी भी बाहर हंगामा कर रहे हैं और मुखबिर को पब्लिक के हवाले करने की बात कह रहे हैं.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर और मनेर के पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहा आरोपी जेपी यादव अपने साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास मौजूद है.
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों की गोली से मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों अपराधी गोली लगने से मारे गए. घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं. घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है. पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
यह भी पढ़ें: दानापुर में पुलिस और STF का एक्शन, एनकाउंटर में मारे गए तीन अपराधी... थानाध्यक्ष को हाथ में लगी गोली