)
सुपौल जिला के प्रतापगंज प्रखंड क्षेत्र के प्रतापगंज स्थित पब्लिक उच्च विद्यालय परिसर के कस्तूरबा बालिका छात्रावास में दोपहर का खाना खाने के बाद कई छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई. जानकारी के अनुसार, सब्जी में गिरगिट गिर जाने के कारण यह हादसा हुआ. इस घटना की खबर मिलते ही छात्रावास परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
बताया जा रहा है कि खाना खाने के बाद कई छात्राओं को उल्टी, जी मिचलाने और चक्कर आने की शिकायत होने लगी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने तत्काल सभी बीमार छात्राओं को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) प्रतापगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया. बताया जा रहा है कि लगभग दस छात्राओं की तबीयत खराब हुई थी. प्राथमिक उपचार के बाद सभी छात्राओं की हालत में सुधार है और अब वे पूरी तरह से खतरे से बाहर हैं.
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापगंज के बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा, अंचलाधिकारी (CO) विकास कुमार, थानाध्यक्ष रौशन कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) सितेश झा और BPRO शिल्पा कुमारी अस्पताल पहुंचे और छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके बाद वीरपुर एसडीएम विनय कुमार और एसडीपीओ पवन कुमार भी सीएचसी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
मामले को लेकर वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि सभी छात्राओं की स्थिति अब सामान्य और खतरे से बाहर है. उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राएं किस वजह से बीमार हुईं, इसकी गहन जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: सुभाष चंद्रा