बेगूसराय में नाबालिगों के साथ हैवानियत: साहेबपुर कमाल में गाय चरा रही बच्ची से दुष्कर्म, तो बखरी में शिक्षक ने लांघी मर्यादा
बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ रेप का मामला सामने आया है. वहीं, बखरी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने प्राइवेट शिक्षक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है.
बेगूसराय में अपराधियों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं. साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. आरोप है कि गांव के पास एक खेत में 16 साल की लड़की गाय चरा रही थी, तभी आरोपी संजय यादव बातचीत करने के बहाने उसके पास आया, उसे जबरदस्ती खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया. वहीं, बखरी थाना क्षेत्र से भी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां स्कूल में पढ़ने वाली 16 साल की एक छात्रा ने अपने प्राइवेट ट्यूटर पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं.
साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र का मामला
साहबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है. मिली जानकारी के मुताबिक, 16 साल की लड़की गांव के पास एक खेत में गाय चरा रही थी, तभी संजय यादव नाम का एक युवक बातचीत करने के बहाने उसके पास आया. आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग का मुंह कपड़े से बंद कर दिया, उसे घसीटते हुए पास के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. घटना के बाद, बदहवास पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और अपने परिवार इस घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार वाले उसे इलाज के लिए साहबपुर कमाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद साहबपुर कमाल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की और मुख्य आरोपी संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया.
मुख्यालय DSP निखिल कुमार ने बताया कि गाय चराने के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग के साथ बातचीत के बहाने खेत में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल करेगी और मामले का स्पीडी ट्रायल कराकर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई करेगी. पुलिस का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएंगी.
बखरी थाना क्षेत्र का मामला
बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने प्राइवेट शिक्षक पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है. आरोपों के मुताबिक, पिछले करीब एक साल से छात्रा को शादी और परीक्षा में अच्छे नंबर दिलाने के झांसे में लिया जा रहा था और 16 सितंबर को भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया. परिजनों को जब उसके व्यवहार में बदलाव नजर आया तो पूछताछ के दौरान छात्रा ने पूरी घटना की जानकारी दी. आरोपी शिक्षक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में हुई है, जो एबीवीपी का नगर मंत्री भी बताया जा रहा है. मामले में पीड़िता की मां के आवेदन पर बखरी थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले करीब एक साल से छात्रा का शोषण कर रहा था. 16 सितंबर को भी बखरी डीएसपी आवास से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है. 17 सितंबर को छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. परिजनों का कहना है कि 17 सितंबर को बखरी थाना में आवेदन देने के बावजूद तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई. इसके बाद पीड़िता की मां ने 21 सितंबर को बेगूसराय के एसपी मनीष से शिकायत की. एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
आरोपों की जांच के बाद बखरी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसपी मनीष के मुताबिक, पीड़िता को महिला पुलिस अधिकारी की निगरानी में सदर अस्पताल भेजकर मेडिकल जांच कराई गई है. बताया जा रहा है कि आरोपी सौरभ कुमार लगातार दूसरी बार एबीवीपी का नगर मंत्री बना है. वहीं, परिजनों के मुताबिक उसकी शादी 22 नवंबर को होने वाली थी और शादी से जुड़ी कई तैयारियां भी की जा चुकी थीं.