)
बिहार की राजधानी पटना में 21 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई. पहली घटना राजवंशी नगर स्थित आदर्श कॉलोनी की है, जहां एक पूजा पंडाल में अचानक आग लग गई. दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के डाकबंगला चौराहे की है, जहां एक स्कूटी में अचानक आग लग गई. चलिए दोनों घटनाओं के बारे में जानते हैं.
पूजा पंडाल में अचानक आग लगने से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया. राहत की बात रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ.
सचिवालय अग्निशमन पदाधिकारी के अनुसार, पूजा पंडाल के लोग मूर्ति विसर्जन के लिए गए थे. लौटने पर उन्हें पंडाल में आग लगी मिली. आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है.
वहीं, दूसरी घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के डाकबंगला चौराहे की है, जहां एक स्कूटी में अचानक आग लग गई. मौके पर मौजूद अग्निशमन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझा दी.
दूसरी तरफ पटना में विजयदशमी के साथ नवरात्र मेले का समापन हो गया है. मेले के दौरान राजधानी पटना के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. परिवार के साथ लोग पूजा पंडालों में दर्शन करने पहुंचे, वहीं जगह-जगह लगे खाने-पीने के स्टॉल पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली. लेकिन मेला खत्म होने के बाद अब पटना की सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों पर कचरे का अंबार लगा है.
खाने-पीने के स्टॉल के आसपास फैली गंदगी और दुर्गंध से आम लोगों को परेशानी हो रही है. ऐसे में पटना नगर निगम के सामने शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की बड़ी चुनौती है. जरूरत है कि युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाकर कचरे का उठाव किया जाए, ताकि राजधानी को फिर से स्वच्छ बनाया जा सके और लोगों को दुर्गंध से राहत मिल सके.
रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा