बेतिया में दारोगा की लव मैरिज पर बवाल: बहू को ससुराल वालों ने घर से निकाला बाहर, फिर हुई पुलिस की एंट्री
बेतिया में एक दारोगा के परिवार ने उसकी पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया. इस घटना पर ग्रामीण भड़क गए और जमकर हंगामा किया. दारोगा का परिवार उसके लव मैरिज करने से नाराज था. वहीं, मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और सुलाह कराया.
बेतिया के शिकारपुर थाना क्षेत्र के तुमकड़िया गांव में 3 अक्टूबर, 2026 दिन शनिवार को दारोगा के प्रेम विवाह को लेकर जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ. आरोप है कि दारोगा के परिजनों ने उनकी पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया, जिसके बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए और हंगामा शुरू हो गया. सूचना पर पहुंची शिकारपुर पुलिस ने लोगों को शांत कराया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला सुलझाया.
थावे मंदिर में शादी, फिर पत्नी को घर से निकाला
जानकारी के अनुसार, तुमकड़िया गांव निवासी लक्ष्मण दिवाकर सिवान जिले के बसंतपुर थाना में दारोगा के पद पर पदस्थापित हैं. दिवाकर ने वर्ष 2025 में तुमकड़िया गांव की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था. दोनों ने गोपालगंज के थावे मंदिर में शादी रचाई थी. शादी के बाद वह अपनी पत्नी को कभी गोपालगंज, तो कभी बेतिया में रखता था. शादी के कुछ समय तक सब कुछ ठीक चलता रहा, लेकिन बाद में पारिवारिक विवाद बढ़ने लगा.
दारोगा के घर हाईवोल्टेज ड्रामा
महिला पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद दारोगा के परिजन इस शादी को स्वीकार करने से इनकार करने लगे. इधर, जब दारोगा घर आए और पत्नी भी उनके घर गई तो परिवार के लोग नाराज हो गए. विवाद उस समय बढ़ गया, जब महिला को ससुराल वालों ने घर से बाहर निकाल दिया. इसकी जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते घर के बाहर भीड़ जमा हो गई और हंगामे की स्थिति बन गई.
दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण
ग्रामीणों का कहना था कि जब दोनों ने विधिवत शादी की है, तो महिला को इस तरह घर से नहीं निकाला जा सकता. वहीं, परिजनों का पक्ष था कि पारिवारिक सहमति के बिना हुई शादी को लेकर घर में मतभेद चल रहा था. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.
भारी हंगामे के बाद सुलझा मामला
स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों ने शिकारपुर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और भीड़ को शांत कराया. पुलिस ने दारोगा के परिजनों और महिला, दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत की और उन्हें कानून की जानकारी दी. काफी देर तक चली समझाइश के बाद दारोगा के परिजन महिला को घर में रखने के लिए तैयार हो गए.
किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई
थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और स्थिति को नियंत्रित किया गया. दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी गई है. फिलहाल, किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट : धनंजय द्विवेदी