पूर्वी चंपारण में फर्जी आधार कार्ड का खेल: नेपाली नागरिकों के कार्ड बनाकर वसूली जाती थी मोटी रकम, दुकानदार समेत 3 गिरफ्तार
Motihari News: पूर्वी चंपारण के कुंडवा चैनपुर बाजार में पुलिस ने छापेमारी कर फर्जी आधार कार्ड बनाने के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने दुकानदार समेत नेपाल की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है. मौके से फर्जी आधार कार्ड, लैपटॉप, फिंगर मशीन, आई स्कैनर और कैमरा बरामद किया गया.
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के कुंडवा चैनपुर बाजार में फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की. बताया गया कि यहां नेपाल के नागरिकों के फर्जी आधार कार्ड बनाए जाते थे और इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी. इतना ही नहीं, इन फर्जी आधार कार्ड के आधार पर लोन भी निकलवाया जाता था. हैरानी की बात यह है कि फर्जी आधार कार्ड बनाने का यह खेल कुंडवा चैनपुर थाना से महज दो सौ मीटर की दूरी पर चल रहा था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की.
छापेमारी में फर्जी आधार कार्ड समेत कई उपकरण बरामद
सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुंडवा चैनपुर बाजार स्थित दुकान पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने कई फर्जी आधार कार्ड, एक लैपटॉप, एक फिंगर मशीन, एक आई स्कैनर और एक कैमरा बरामद किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दुकानदार मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया. इसके अलावा आधार कार्ड बनवाने आई नेपाल की दो महिलाओं को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों महिलाएं नेपाल के रौतहट जिले के महुलिया थाना क्षेत्र के मठिया गांव की निवासी बताई गई हैं.
सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दुकानदार के नाम पर आधार कार्ड बनाने का कोई लाइसेंस प्राप्त नहीं है. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि उसके पास आधार कार्ड बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला सिस्टम और आईडी कैसे पहुंची. बिना लाइसेंस के आधार कार्ड बनाने का काम किस तरह किया जा रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है.
गिरफ्तार व्यक्तियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पूरी कार्रवाई में सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के साथ कुंडवा चैनपुर थाना प्रभारी अमन कुमार, एसआई नवीन कुमार और रामेंद्र कुमार शामिल थे. पुलिस टीम ने मौके से बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया है. इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. कुंडवा चैनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
रिपोर्ट: पंकज कुमार