बेतिया पुलिस कस्टडी मे दिलशाद की मौत: परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच पर टिकी लोगों की नजर
Bettiah News: बेतिया पुलिस हिरासत में दिलशाद मियां की मौत के बाद हड़कंप मच गया है. परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में हत्या करने का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि सहोदरा थाना पुलिस ने दिलशाद मियां को एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार किया था.
Bettiah News: बिहार के बेतिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेतिया पुलिस के हिरासत में एक युवक की मौत हो गई है. मृतक की पहचान दिलशाद मियां के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. मिली जानकारी के मुताबिक, बीती देर रात सहोदरा थाना की पुलिस ने औरैया गांव से दिलशाद मियां को NDPS मामले में गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सहोदरा थाना ले गई थी.
परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
परिजनों के मुताबिक, सुबह उन्हें फोन कर बताया गया कि दिलशाद की तबीयत खराब हो गई है. इसके बाद जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें दिलशाद का शव मिला. मृतक की पत्नी नगमा खातून ने आरोप लगाया है कि उनके पति की मौत पुलिस हिरासत में हुई है. मृतक के पिता और भाई ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं और हिरासत में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है.
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर: जिस हत्या के केस में 4 लोगों को हुई थी जेल, वही युवक 4 साल बाद नोएडा में मिला जिंदा
SSP ने बताया की चलती जीप से कूदने में हुआ मौत
वहीं, बेतिया के SSP कुमार गौतम ने बताया कि आरोपी चलती जीप से कूद कर भागने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान वह सड़क पर गिर गया, जिससे उसके माथे में चोट आई और उसकी मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, दिलशाद मियां NDPS मामले में आरोपी था और उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज थे. फिलहाल,पूरे मामले की जांच हो रही है.
पुलिस के इस बात को परिजन नहीं मान रहे
हालांकि, पुलिस की इस बात को मृतक के परिजन स्वीकार नहीं कर रहे हैं. मृतक के पिता का सवाल है कि चलती गाड़ी में से बीच में बैठा युवक आखिर कैसे कूद सकता है और उसके साथ मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों को चोट क्यों नहीं आई. इस घटना के बाद बेतिया पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस हिरासत में दिलशाद मियां की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. अब सभी की नजर जांच पर है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी