)
Darbhanga News: दरभंगा के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम को ध्वस्त कर उसी स्थान पर राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की तैयारी है. सरकार की ओर से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को हरी झंडी मिल चुकी है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रस्तावित स्टेडियम का प्रेजेंटेशन भी देख चुके हैं. बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि परियोजना पर करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है.
प्रस्तावित स्टेडियम को डे-नाइट IPL जैसे बड़े क्रिकेट मुकाबलों के मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा. यहां हाई-मास्ट लाइट्स, हाइब्रिड टर्फ पिच, बड़े डिस्प्ले स्क्रीन और आधुनिक पवेलियन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इसके अलावा परिसर में स्विमिंग पूल और बॉक्सिंग, जूडो-रेसलिंग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, स्क्वैश तथा अत्याधुनिक जिम से लैस इंडोर मल्टीपरपज हॉल भी बनाया जाएगा.
खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स साइंस, मेडिकल और बायोमैकेनिक्स जैसी आधुनिक सुविधाओं की भी व्यवस्था प्रस्तावित है. वहीं, 100 बेड का हॉस्टल, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल बनाया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें. परिसर में लॉन टेनिस और वॉलीबॉल कोर्ट, नेट प्रैक्टिस पिच और मल्टी-लेवल पार्किंग भी विकसित की जाएगी.
संजय सरावगी ने कहा कि यह परियोजना केवल एक नए स्टेडियम के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि मिथिला के हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. अत्याधुनिक खेल सुविधाओं से लैस इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तैयार होने के बाद स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे. इससे दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बेहतर अवसर मिलेगा. उन्होंने कहा कि स्टेडियम में क्रिकेट के साथ-साथ कई अन्य खेलों के लिए भी सुविधाएं विकसित होने से अलग-अलग खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा
रिपोर्ट: मुकेश कुमार