पूर्णिया में चक्रवाती तूफान का तांडव: मालोपाड़ा गांव में 50 से ज्यादा घर तबाह, पेड़ और बिजली के खंभे उखड़े
पूर्णिया में चक्रवाती तूफान का तांडव देखने को मिला है. मालोपाड़ा गांव में 50 से ज्यादा घर तबाह हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही बायसी के विधायक गुलाम सरवर और स्थानीय राजस्व अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
पूर्णिया जिले के बायसी प्रखंड अंतर्गत गंगार पंचायत के मालोपाड़ा गांव में चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचाई है. कल शाम (24 सितंबर, 2026) अचानक आए चक्रवात ने महज कुछ ही मिनटों में गांव के तेलंगा वार्ड नंबर 3 को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लगभग 40 से 50 घरों के छप्पर उड़ गए और कई कच्चे मकान पूरी तरह धराशायी हो गए. मिली जानकारी के अनुसार, इस आपदा के दौरान कई बड़े पेड़ और बिजली के पोल भी उखड़ गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया.
राजस्व अधिकारी ने मौके का लिया जायजा
इस भयंकर तबाही में कुछ ग्रामीणों को मामूली चोटें भी आईं हैं. हालांकि, राहत की बात तो ये है कि इस दौरान किसी बड़े जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है. पीड़ित परिवारों के पास अब सिर छिपाने के लिए छत तक नहीं बची है. घटना की सूचना मिलते ही बायसी के विधायक गुलाम सरवर और स्थानीय राजस्व अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
तत्काल राहत की व्यवस्था की गई
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से त्वरित राहत कार्य चलाते हुए पीड़ित परिवारों के बीच चूड़ा, गुड़, पॉलिथीन शीट और मोमबत्तियों का वितरण किया गया ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके.
प्रशासन से जल्द पुनर्वास की गुहार
विधायक गुलाम सरवर ने कहा कि चक्रवात के कारण इस क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है और सरकार व प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद के लिए तत्पर है. वहीं, राजस्व अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रभावित लोगों की सूची तैयार की जा रही है. सरकारी नियमों के अनुसार, सभी पीड़ितों को उचित मुआवजा और सहायता राशि प्रदान की जाएगी. इस आपदा से पीड़ित मोतिउर रहमान और शाहिना खातून जैसे ग्रामीणों ने अपनी बीती परेशानी साझा करते हुए प्रशासन से जल्द पुनर्वास की गुहार लगाई है.
रिपोर्ट: संतोष नायक