समस्तीपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, वे बेखौफ होकर आपराधिक घटना को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र का है, जहां देर रात तीन नकाबपोश अपराधियों ने होटल में सो रहे संचालक पर हमला कर दिया. पहले संचालक की बेरहमी से पिटाई की, फिर उसकी पीठ में तीन गोली मारकर फरार हो गए. पूरा घटनाक्रम घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया.
जानकारी के अनुसार, यह घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर किशनपुर स्थित एसएच-88 पर पेट्रोल पंप के समीप की है, जहां देर रात करीब एक बजे तीन अपराधी पहुंचे. उस समय एक युवक सो रहा था. अपराधियों ने पहले उसे उठाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान पास में सो रहे दो अन्य लोग भी जाग गए. अपराधियों ने उन दोनों पर पिस्टल तान दी. हथियार देखकर दोनों मौके से भाग निकले.
इसके बाद अपराधियों ने संचालक की पीठ में गोली मार दी और वहां से फरार हो गए. गोली लगने से संचालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जिसके बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया.
जख्मी की पहचान बनवीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र अभिनंदन कुमार के रूप में हुई है. वह पेट्रोल पंप के समीप ही अपना एक निजी होटल चलाता है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. सीसीटीवी फुटेज में तीन अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस की टीम गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही
घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ सतीश सुमन का बताना है कि पुलिस को करीब 2:00 बजे रात्रि में सूचना मिली कि एसएच-88 विशनपुर यूसुप में एक होटल संचालक को चार लोगों ने पहले पीटा और उस पर तीन गोली मार दी है. पुलिस ने त्वरित घटनास्थल का निरीक्षण किया. घटना में जो चार आरोपी हैं, उनकी पहचान कर ली गई है. पुलिस की टीम गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. घटनास्थल से एफएसएल की टीम की तरफ से तकनीकी सबूत भी एकत्रित किए गए हैं.
रिपोर्ट: मनटुन रॉय