चुनाव आयोग के खिलाफ पटना की सड़कों पर उतरी कांग्रेस: कांग्रेसियों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, पुलिस ने चलाया वाटर कैनन
बिहार की राजधानी पटना से लेकर भागलपुर तक कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयोग के खिलाफ हमला बोला. पटना में चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर कांग्रेसी उतरे और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की.
बिहार कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों के विरोध में पटना में बड़ा विरोध मार्च निकाला. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में आर. ब्लॉक स्थित चाणक्य होटल से राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय तक मार्च निकाला गया. अटल पथ के पास एमएलसी क्वार्टर के समीप पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की. प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कुछ कार्यकर्ताओं ने पुतला भी फूंका.
'SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए'
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने SIR और मतदाता सूची के मामले में एकतरफा फैसले लिए हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की बैठकों में दर्ज आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया और इससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं. राजेश राम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
वहीं, भागलपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सीएलपी लीडर अजीत शर्मा ने बड़ा बयान दिया है. अजीत शर्मा ने कहा कि आज गणेश जी का विसर्जन हो गया, अब ज्ञानेश कुमार का विसर्जन होना चाहिए. ज्ञानेश कुमार ने चुनावों में भारी गड़बड़ियां की है. उन्होंने अपने अधीनस्थ आयुक्त के रिपोर्ट को नजरअंदाज कर दिया.
कांग्रेस नेता ने कहा कि बिहार-बंगाल और असम में फिर से एक बार विधानसभा चुनाव होना चाहिए. साथ ही लोगों की मांग है कि मतदाता सूची में हुए संशोधनों की स्वतंत्रता और निष्पक्ष जांच कराई जाए. उनको मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाकर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाए. इसके साथ ही मतदान वैलेट पेपर से कराया जाए, तब ही चुनाव में पारदर्शिता होगी और चुनाव पर जनता का विश्वास होगा.
पटना से शिवम राज और भागलपुर से अश्वनी कुमार की रिपोर्ट