Bihar Flood: बिहार में बाढ़ से हालात भयावह, कई जिले जलमग्न! प्रभावित परिवारों को CM सम्राट फिर से देंगे 7 हजार रुपये
बिहार में बाढ़ से स्थिति गंभीर हो गई है. इसे लेकर सीएम सम्राट ने कल पश्चिम चंपारण का दौरा किया. इस दौरान सीएम सम्राट ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को 7-7 हजार रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है.
बिहार में बाढ़ से स्थिति काफी भयावह हो गई है. कई जिलों में बाढ़ ने लोगों के घरों को उजाड़ दिया है, उनका आशियाना छीन लिया है. लोग अपना दिन और रात कैंप में बिताने को मजबूर है. बाढ़ के कारण लोगों को दैनिक जीवन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, लोगों का काम भी प्रभावित हो रहा है. साथ ही, इसकी वजह से कई प्रकार की बीमारियां भी फैल रही है. इन सभी के बीच सीएम सम्राट चौधरी एक बार फिर से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं. उन्होंने बीते दिन (30 सितंबर, 2026) चंपारण दौरे के दौरान बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि देने का ऐलान किया है.
सीएम ने किया बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण
सीएम सम्राट चौधरी ने अफसरों को निर्देश दिया है कि बाढ़ पीड़ितों को 7-7 हजार की सहायता की मदद दी जाए. बता दें कि सीएम सम्राट ने बुधवार को पश्चिम चंपारण समेत कई अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया. सीएम ने बैरिया ब्लॉक के बथना में स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण भी किया. उन्होंने सामुदायिक किचन में लोगों को खाना परोसा और मिल रही सुविधाओं का जायजा भी लिया. बता दें कि नेपाल तराई क्षेत्र से पानी आने के कारण बिहार में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. वाल्मीकि नगर बराज और कोसी बराज से पानी छोड़े जाने के कारण पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर समेत कई जिले बाढ़ की चपेट में आ चुकी है.
7,000 प्रति परिवार की सहायता राशि
वहीं, सीएम सम्राट ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'चंपारण में चल रहे बाढ़ राहत शिविर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया. सामुदायिक रसोई में स्वयं भोजन भी परोसा और व्यक्तिगत रूप से सभी से बातचीत कर चिकित्सा शिविर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पशु राहत शिविर एवं आवासन व्यवस्था का निरीक्षण कर उनकी जानकारी ली. अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, सामुदायिक रसोई स्थिति सामान्य होने तक जारी रखने तथा प्रभावित परिवारों को दशहरा से पूर्व ₹7,000 प्रति परिवार की सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.'
अगले चरण की तैयारी
- रिपोर्टों के अनुसार, 9 अक्टूबर को DBT के माध्यम से प्रभावित परिवार के खाते में ₹7,000 ट्रांसफर करने की तैयारी चल रही है.
- इससे पहले 15 सितंबर को बिहार के बाढ़ प्रभावित 8,27,472 परिवारों के खातों में ₹7,000-₹7,000 की वित्तीय राशि भेजी जा चुकी है.
- 15 सितंबर की किस्त के लिए सरकार द्वारा DBT के जरिए कुल ₹579.23 करोड़ की राशि जारी की गई थी.