बिहार बाढ़ पीड़ितों की बड़ी मददः CM सम्राट ने 8 लाख से ज्यादा परिवारों को दिए 7-7 हजार रुपये
बिहार में बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों को राहत मिली है. सीएम सम्राट चौधरी ने आज करीब 8 लाख से अधिक बाढ़ पीड़ित परिवारों को 7-7 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है.
बिहार में बाढ़ पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है. सीएम सीएम सम्राट चौधरी ने राज्य के बाढ़ पीड़ितों के खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर किए हैं. उन्होंने बाढ़ से प्रभावित 8,27,472 परिवारों के बैंक खातों में 7,000 रुपए प्रति परिवार की राहत राशि भेजी है. पटना में मुख्यमंत्री सचिवालय में मंगलवार (15 सितंबर) को हुए एक कार्यक्रम में कुल 579.23 करोड़ रुपए जारी किए गए. इसके अलावा, सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे एक हफ्ते के अंदर उन परिवारों की सूची तैयार करें जो शायद छूट गए हों, ताकि उन्हें भी राहत राशि मिल सके.
खतरें के निशान से ऊपर बह रही नदियां
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों को बाढ़ से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि केंद्रीय टीम के दौरे के समय उन्हें शुरुआती आकलन सौंपा जा सके. केंद्रीय टीम के कल बिहार पहुंचने की उम्मीद है. वहीं, केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर घट रहा है, लेकिन कई अन्य जगहों पर नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. बता दें कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक केंद्रीय दल बिहार में बाढ़ की स्थिति और उससे हुई क्षति का आकलन करने के लिए राज्य का दौरा करेगा. इसकी जानकारी सीएम सम्राट ने सोमवार को दी थी.
एक उच्च स्तरीय केंद्रीय टीम का गठन
बिहार में बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति और नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय केंद्रीय टीम बनाई गई है. इस पर बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने केंद्र के सहयोग की सराहना की है. राम कृपाल यादव ने कहा कि बाढ़ लगभग 12 से 16 जिलों में फैल गई है, जिससे भारी नुकसान हुआ है. बिहार के किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा है, घर बह गए हैं और लाखों लोग भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में एक हाई-लेवल टीम अलग-अलग इलाकों में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने आ रही है. मुख्यमंत्री के स्तर पर भी एक बैठक होगी.