भोजपुर में छठ का गाना बजाने के विवाद में स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा, 2 भाइयों की मौत, सरकार ने किए 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान
भोजपुर में दिल दहला देने वाली घटना सोमवार को सामने आई. यहां स्कॉर्पियो से कुचलकर दो भाइयों की हत्या कर दी गई. बिहार सरकार ने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख मुआवजे के निर्देश दिए है. दरअसल, छठ गीत बजाने के विवाद में स्कॉर्पियो से लोगों को रौंदा दिया था.
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 9 नवंबर सोमवार को घोषणा की कि भोजपुर जिले में दीपावली की रात एक कार द्वारा ग्रामीणों के समूह को कुचल दिए जाने की घटना में मारे गए दो भाइयों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी. उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि छह घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. यह घटना रविवार देर रात बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहारा गांव में सूर्य मंदिर के पास हुई.
दरअसल, छठ पूजा के गीत बजाने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर मंदिर के पास जमा ग्रामीणों पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ा दी. मृतकों की पहचान रामडीहारा गांव निवासी दिनेश यादव (55) और उनके भाई कमलेश यादव (50) के रूप में हुई है. वे दोनों रामनरेश यादव के बेटे थे.
घायलों में राजेश कुमार, रितु कुमार, कृष्ण कुमार और रमेश यादव के साथ दो अन्य लोग शामिल हैं. उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया. चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मुआवजे की घोषणा की. उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. साथ ही, उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए दिए जाएं और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.
ग्रामीणों के अनुसार, पूजा-पाठ के बाद लोग मंदिर के पास जमा होकर छठ के गीत बजा रहे थे, तभी कुछ लोग स्कॉर्पियो गाड़ी से वहां पहुंचे और तेज संगीत पर आपत्ति जताई. इसके बाद बहस हुई, जिसके बाद गाड़ी में सवार लोग वापस आए और उन्होंने भीड़ पर गाड़ी चढ़ा दी. गाड़ी आठ लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई, जिसके बाद उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए. हालांकि, पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, इसकी जांच कर रही है.
दिनेश यादव के बेटे ने आरोप लगाया है कि यह हमला जानबूझकर किया गया था. कुछ ग्रामीणों का यह भी दावा है कि स्कॉर्पियो में सवार लोग शराब के नशे में थे, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है. इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. उन्होंने सड़क जाम कर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं.
इनपुट: आईएएनएस