App

Chhath Puja 2026: बक्सर में लेजर शो के दौरान प्रशासन की बड़ी चूक, पूर्व विधायक को दिखाया वर्तमान विधायक

मुजफ्फरपुर जेल में छठ के पारंपरिक गीत सुनाई दे रहे हैं. 98 बंदियों ने निर्जला उपवास रखा है. वहीं, बक्सर लेजर शो में प्रशासन की चूक से समर्थको में आक्रोश का माहौल है. लेजर शो में बक्सर के पूर्व विधायक संजय तिवारी को वर्तमान विधायक के रूप में प्रदर्शित कर दिया गया.

Chhath Puja 2026: बक्सर में लेजर शो के दौरान प्रशासन की बड़ी चूक, पूर्व विधायक को दिखाया वर्तमान विधायक
Image Credit: छठ पूजा 2026 (जी मीडिया)

लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर बिहार के अलग-अलग हिस्सों से कई खबरें सामने आई हैं. छठ महापर्व की पूर्व संध्या के अवसर पर बक्सर जिला प्रशासन की एक बड़ी चूक सामने आई है. गंगा घाट पर आयोजित लेजर शो के माध्यम से बक्सर के इतिहास और वर्तमान की जानकारी दी जा रही थी. इसी दौरान लेजर शो में बक्सर के पूर्व विधायक संजय तिवारी को वर्तमान विधायक के रूप में प्रदर्शित कर दिया गया. इस गलती को देखकर मौके पर मौजूद विधायक के समर्थक और कार्यकर्ता नाराज हो गए. 

बताया जा रहा है कि जिस समय यह प्रस्तुति चल रही थी, उस समय विधायक के साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे. उनके सामने ही कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन की इस लापरवाही पर आपत्ति जताई. मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई. इसके बाद जिला प्रशासन अपनी गलती को संभालने और विधायक की नाराजगी दूर करने में जुट गया. छठ जैसे बड़े आयोजन में इस तरह की चूक को लेकर अब प्रशासन की तैयारी और जानकारी की सत्यता पर सवाल उठ रहे हैं.

मोकामा MLA अनंत सिंह पहुंचे अक्षरा सिंह के घर

मोकामा MLA अनंत सिंह छठ पूजा का प्रसाद लेने भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के घर गए और उन्हें अपनी बेटी की शादी में आने का न्योता दिया.

मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केन्द्रीय कारा में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की गीत गूंजने लगी और 36 घंटे के निर्जला उपवास वाली छठ पूजा का खरना पूजा के साथ ही शुरुआत हो चुकी है. मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल में बंद 98 महिला और पुरुष बंदियों ने छठ व्रत रखा है और 51 महिला एवं 47 पुरुष ने जेल के चक्की में पिसाई की गई गेहूं की अंटा की रोटी, खीर और केले के प्रसाद से खरना पूजा किया. 

इस तरह जेल रेडियो के माध्यम से पूरे जेल में तीन दिनों तक छठ पूजा के गीत गूंजेंगे. सरकार के आदेश के अनुसार मुजफ्फरपुर जेल प्रशासन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छठ व्रत करने वाले व्रतियों के लिए बेहतर, भव्य एवं आकर्षक व्यवस्था की है, ताकि लोक आस्था का महापर्व छठ व्रत करने वाले व्रतियों को उनकी पूजा में किसी तरह का व्यवधान न हो.

इस वर्ष जेल में बंद कुल 98 सजायाफ्ता और विचाराधीन महिला एवं पुरुष बंदी छठ व्रत कर रहे हैं, जिसमें 51 महिला एवं 47 पुरुष शामिल हैं. इन छठ व्रतियों में एक मुस्लिम महिला तथा एक पुरुष सिख बंदी भी शामिल हैं. जेल प्रशासन द्वारा छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुरूप सभी प्रबंध किए गए हैं. 

महिला व्रतियों के लिए साड़ी, लहठी, चूड़ी इत्यादि एवं पुरुष व्रतियों के लिए धोती, गंजी, गमछा आदि के साथ-साथ पर्व के आयोजन हेतु सभी आवश्यक सामग्रियों में डाला, सूप, पकवान, फल, मिठाई इत्यादि की व्यवस्था कारा प्रशासन की ओर से की गई है. जेल में बने तालाब की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन के साथ ही केला का पेड़, बैलून, रंगीन प्रकाश, झालर, फूल-माला इत्यादि से सजावट की गई है. जेल रेडियो के माध्यम से महान लोक गायिका स्व. श्रीमती शारदा सिन्हा के द्वारा गाए गीतों को बजाया जा रहा है. जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से पाँच तैराकों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

मुस्लिम महिला जूही यासमीन पिछले 21 साल से कर रही हैं छठ

बेतिया से खबर है जहां नरकटियागंज में एक मुस्लिम परिवार 21 साल से महापर्व छठ मना रहा है. पूरे आस्था और विधि-विधान से यह परिवार महापर्व छठ मनाता है. जूही यासमीन ने छठी मईया से 21 साल पहले एक संतान मांगी थी. छठ घाट पर जाकर उन्होंने संतान की मन्नत मांगी थी, जिसके अगले साल उनको एक पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई और फिर जूही यासमीन महापर्व छठ मनाने लगीं. पिछले 21 साल से वह लगातार छठ मना रही हैं. आज उन्होंने खरना की पूजा की है. जूही यासमीन बताती हैं कि वह पूरे विधि-विधान से छठी मईया की पूजा करती हैं. वह कहती हैं, "मुझे कोई संतान नहीं था, छठी मईया ने मुझे पुत्र दिया तब से मैं छठ व्रत करती हूं और आजीवन करती रहूंगी."

रिपोर्ट: जी मीडिया

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More