बिहार से मीलों दूर, पर आस्था वही पुरानी: सिंगापुर में सजा अद्भुत छठ घाट, 450 प्रवासियों ने की सूर्य उपासना
सिंगापुर के सिंधु हाउस में बिहार-झारखंड का अक्स दिखाई दिया. विदेशी धरती पर प्रवासियों ने छठी मईया की पूजा की. साथ ही 450 श्रद्धालुओं ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया.
बिहार से कोसों दूर सिंगापुर में लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे श्रद्धाभाव और उत्साह के साथ मनाया गया. बिझार सिंगापुर के सहयोग से आयोजित चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन 16 नवंबर सोमवार सुबह सिंधु हाउस में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हुआ. इस अवसर पर भारतीय उच्चायोग, सिंगापुर की उप उच्चायुक्त सुधि चौधरी भी उपस्थित रही. उन्होंने व्रतियों से मुलाकात कर छठ की परंपराओं के बारे में जानकारी ली.
संध्या अर्घ्य के अवसर पर लगभग 450 श्रद्धालु एकत्र हुए
13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू हुए इस महापर्व में 8 व्रतियों ने छठी मैया की आराधना की. वहीं, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के अवसर पर लगभग 450 श्रद्धालु एकत्र हुए. पारंपरिक छठ गीतों, सजे हुए पूजा घाट और श्रद्धालुओं की सामूहिक उपस्थिति ने सिंगापुर में बिहार-झारखंड के छठ घाटों की याद ताजा कर दी.
परदेश में भी जीवंत हुई माटी की खुशबू, सिंगापुर में सूर्य उपासना
खास बात यह रही कि सोमवार सुबह-सुबह छोटे बच्चे और युवा भी अपने परिवारों के साथ घाट पहुंचे और इस महापर्व का हिस्सा बने. जन्मभूमि से हजारों किलोमीटर दूर सिंगापुर में छठ का यह आयोजन दिखाता है कि अपनी मिट्टी से जुड़ी आस्था और परंपराएं आज भी प्रवासी परिवारों के जीवन में उतनी ही जीवंत हैं.
36 घंटे का निर्जला व्रत रहते हैं व्रती
बता दें कि लोक आस्था का महापर्व छठ बिहार का सबसे बड़ा त्योहार है. छठ पर्व में भगवान सूर्य की आराधाना की जाती है. यह सबसे कठिन व्रत माना जाता है. खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठ व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रहते हैं. निर्जला व्रत इस पर्व का सबसे महत्वपूर्ण और कठिन अनुष्ठान माना जाता है.
चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन
मान्यता है कि छठ पूजा में सूर्य देव को अर्घ्य देने से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आती है. इसी आस्था और विश्वास के साथ व्रती महिलाओं ने छठी मैया से अपने परिवार और संतान की खुशहाली की कामना की. इसी के साथ लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य देव की उपासना का चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया.
रिपोर्ट: पंकज कुमार
यह भी पढ़ें: छठ घाटों पर दिखी आस्था की झलक, सम्राट चौधरी के पिता ने दिया अर्घ्य, नित्यानंद राय ने मांगा PM मोदी के लिए आशीर्वाद