SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

छठ घाटों पर दिखी आस्था की झलक, सम्राट चौधरी के पिता ने दिया अर्घ्य, नित्यानंद राय ने मांगा PM मोदी के लिए आशीर्वाद

छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के अवसर पर गंगा घाटों से लेकर तालाबों तक आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. पटना में पहली बार जेपी गोलंबर पर लेजर शो का आयोजन किया गया. वहीं, असरगंज में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी ने सूर्य को अर्घ्य दिया.

Edited By Rupak Kumar
Published: Nov 15, 2026, 20:31 IST | Updated: Nov 15, 2026, 20:39 IST
Image Credit: प्रतिकात्मक तस्वीर (AI Photo)
Join

पटना में पहली बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर संध्या अर्घ्य के पावन अवसर पर लेजर शो का आयोजन किया गया. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जेपी गोलंबर पर यह आयोजन किया गया. छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत लेजर शो का आनंद लिया. वहीं, आस्था और सूर्योपासना के महापर्व के तीसरे दिन विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला. इसी क्रम में असरगंज नगर पंचायत के जलालाबाद लाठ पोखर घाट पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. उन्होंने कहा कि छठ पूरे देश का पर्व है, लेकिन बिहार में इसका विशेष महत्व है. यहां घर-घर में यह महापर्व मनाया जाता है.

शकुनी चौधरी ने छठ को बताया प्रकृति की सबसे बड़ी पूजा

शकुनी चौधरी ने कहा कि छठ आस्था का पर्व है और इसमें डूबते तथा उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है. सूर्य देवता प्रतिदिन उदय और अस्त होते हैं तथा उनकी कृपा गरीब-अमीर सभी पर बनी रहती है. वे हर दिन पूरी दुनिया को प्रकाश देते हैं और अंधकार दूर करते हैं. इसलिए सभी लोगों को उनकी विशेष रूप से पूजा करनी चाहिए. उन्होंने छठ महापर्व को प्रकृति की सबसे बड़ी पूजा बताते हुए इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला. वहीं, लोक आस्था के महापर्व के अवसर पर बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल किशनगंज शहर के धर्मगंज मोहल्ले स्थित छठ घाट पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. उन्होंने देशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं और छठी मैया से विकसित भारत के सपने को पूरा करने तथा देश को समृद्ध बनाने की प्रार्थना की.

ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर जेल में डूबते हुए सूरज को कैदियों ने दिया अर्घ्य, मुस्लिम महिला और सिख बंदी ने भी की छठ पूजा

छठ गीत विवाद पर राज ठाकरे को मंत्री दिलीप जायसवाल का जवाब

मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने महाराष्ट्र में छठ गीत को लेकर हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि वह मानसिक दिवालियापन और पागलपन के शिकार हो चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज ठाकरे को छठ पूजा से नहीं, बल्कि भोजपुरी भाषा से विरोध है. मंत्री ने कहा कि आस्था के विषय पर गलत तरीके से बयानबाजी करना किसी अच्छे इंसान को शोभा नहीं देता. उधर, हाजीपुर के ऐतिहासिक कोनहारा घाट पर भी छठ महापर्व के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय अपने घर से सिर पर दउरा लेकर घाट पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. इस दौरान उन्होंने छठी मैया की आराधना की और श्रद्धालुओं के साथ पर्व में शामिल हुए.

2047 तक विकसित भारत का सपना होगा पूरा

अर्घ्य देने के बाद नित्यानंद राय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, लोक आस्था, भक्ति, विश्वास और प्रेम का पर्व है. इसमें श्रद्धालु छठी मैया और भगवान भास्कर की आराधना करते हैं तथा एक-दूसरे के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं. उन्होंने छठी मैया से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देने की प्रार्थना भी की, ताकि वे स्वामी विवेकानंद के उस सपने को साकार कर सकें, जिसमें 21वीं सदी को भारत की सदी बताया गया था. उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 140 करोड़ देशवासियों ने लिया है. छठी मैया और भगवान भास्कर इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री और देशवासियों को शक्ति प्रदान करें. अंत में उन्होंने पूरे भारत, बिहार और दुनिया भर में छठी मैया तथा भगवान भास्कर के भक्तों के सुखमय जीवन, शांति और समृद्धि की कामना की.

रिपोर्ट: जी मीडिया

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES