App

नालंदा में गोलियों की गूंज, 6 बदमाशों ने 1 KM तक किया पीछा... कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, थाने में घुसकर परिवार ने बचाई जान

बिहार में अराधियों को लगता है कानून का खौफ नहीं रह गया है. इसकी बानगी नालंदा जिला के हिलसा में देखने को मिला, जब 6 बदमाशों ने एक कार में सवार परिवार पर एक किलोमीटर तक पीछ कर फायरिंग की. परिवार किसी तरह से पुलिस थाने में घुसकर जान बचाई.

नालंदा में गोलियों की गूंज, 6 बदमाशों ने 1 KM तक किया पीछा... कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, थाने में घुसकर परिवार ने बचाई जान
Image Credit: हिलसा में 6 बदमाशों का आतंक, कार पर बरसाईं गोलियां और बरसाए पत्थर ( Photo-AI)

नालंदा जिला के हिलसा बाजार में दिनदहाड़े गोलीबारी और रोड़ेबाजी से अफरातफरी मच गई. तीन बाइक पर सवार छह बदमाशों ने एक कार पर हमला कर दिया. बदमाशों ने करीब एक किलोमीटर तक पीछा करते हुए कई राउंड फायरिंग की. जान बचाने के लिए कार सवार परिवार उत्पाद थाने में जा घुसा. इस दौरान बदमाशों ने कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया.

घटना के पीछे दो दिन पूर्व मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा

बताया जाता है कि बिहारी रोड दबौल गली निवासी गौरव कुमार अपने भाई और परिवार के सदस्यों को कार से पटना छोड़ने जा रहे थे. तभी बरुण तल चौराहे के पास बदमाशों ने कार पर हमला कर दिया. करीब एक किलोमीटर तक पीछा कर रोड़ेबाजी और फायरिंग करते रहे. पुलिस के पहुंचने से पहले बदमाश अपनी एक बाइक छोड़कर फरार हो गए. घटना के पीछे दो दिन पूर्व मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ विवाद बताया जा रहा है.

पुलिस ने बाइक और कार जब्त कर जांच शुरू कर दी

सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक और कार जब्त कर जांच शुरू कर दी है. डीएसपी हिलसा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं, जिसमें बदमाश हाथों में हथियार लिए हुए नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

बेगूसराय में दो पक्षों में जमकर मारपीट, बरसाए गए पत्थर

दूसरी तरफ बेगूसराय जिला में पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और रोड़ेबाजी हुई है. दोनों तरफ से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलाए गए. देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई. वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दरअसल, पूरा मामला बेगूसराय के नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अझौर गांव के वार्ड संख्या दो का है. बताया जा रहा है कि सोमवार की देर शाम पटाखा फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ. हालांकि, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने पटाखा फोड़ने का विरोध किया, जिसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी.

देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए गए. काफी देर तक चले इस संघर्ष के दौरान घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इस मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हुए हैं. घायलों में रामकुमार चौधरी और रंजू देवी का इलाज सदर अस्पताल बेगूसराय में चल रहा है. वहीं, दूसरे पक्ष के आदित्य जायसवाल, नीतीश जायसवाल और रमेश चौधरी को भी चोटें आई हैं.

घटना की सूचना मिलते ही नीमा चांदपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. इस संबंध में थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नालंदा से ऋषिकेश कुमार और बेगूसराय से जितेंद्र चौधरी की रिपोर्ट

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More