)
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन शराब की तस्करी और उसकी बरामदगी की खबरें लगातार सामने आती रहती हैं. ताजा मामला समस्तीपुर के दलसिंहसराय से सामने आया है, जिसने शराबबंदी के दावों के बीच लोगों की अवधारणा और शराब की अवैध पहुंच, दोनों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं, जब शराब से लदी कार सड़क किनारे पलटी तो ग्रामीणों में शराब लूटने की होड़ मच गई. पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोग कार से शराब के कार्टन और बोतलें लेकर फरार हो चुके थे.
अनियंत्रित होकर पलट गई कार
मिली जानकारी के अनुसार, पूरी घटना (मंगलवार, 8 सितंबर, 2026) दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा चौक के समीप एनएच-28 पर रविवार की बताई जा रही है, जहां बारिश के दौरान शराब से लदी एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई. हादसे के बाद कार में शराब लदी होने की जानकारी जैसे ही स्थानीय लोगों को मिली, मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. देखते ही देखते लोगों ने कार से शराब की बोतलें और कार्टन निकालना शुरू कर दिया. पुलिस के पहुंचे से पहले लोगों ने शराब पर अपना हाथ साफ कर लिया था.
शराब लूटने की मची होड़
बताया जा रहा है कि ग्रामीण शराब के अधिकांश कार्टन लूटकर अपने साथ ले गए. सड़क किनारे पलटी कार से शराब निकालने की होड़ का यह नजारा चर्चा का विषय बन गया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब लेकर कई लोग वहां से फरार हो चुके थे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार में कितनी शराब थी और इसे कहां से लाया जा रहा था.
रिपोर्ट: मंटुन कुमार रॉय