भवन निर्माण निगम के GM कमलेश कुमार पर EOU की बड़ी कार्रवाई, पटना-हाजीपुर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी
EOU Raid: बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के GM कमलेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU ने बड़ी कार्रवाई की है. वैशाली, पटना समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दस्तावेज और अन्य सामान की जांच की जा रही है.
EOU Raid: पटना में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक तकनीकी कमलेश कुमार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में EOU की विशेष टीमों ने आज उनके अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है. EOU की टीमें एक साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच कर रही हैं.
3.12 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
जानकारी के मुताबिक, आर्थिक अपराध इकाई ने कमलेश कुमार के खिलाफ सोमवार देर शाम आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था. एजेंसी के अनुसार, उन पर करीब 3 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. मामला दर्ज होने के बाद आज EOU की विशेष टीमों ने उनके वैशाली स्थित पैतृक आवास, पटना के एसके पुरी स्थित आवास, कार्यालय समेत कई ठिकानों पर तलाशी शुरू की.
चार-पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
बताया जा रहा है कि कुल चार से पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है. कार्रवाई के लिए दो दर्जन से अधिक अधिकारियों को लगाया गया है. अलग-अलग टीमों द्वारा दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की जा रही है. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कुछ सामान और दस्तावेज भी बरामद किए हैं.
दस्तावेज और सामान बरामद
EOU के डीएसपी ने बताया कि कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी चल रही है. कार्रवाई के दौरान कुछ सामान और दस्तावेज बरामद किए गए हैं. हालांकि, बरामदगी का पूरा ब्योरा जांच पूरी होने के बाद सामने आने की संभावना है. कमलेश कुमार के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में EOU की कार्रवाई अभी जारी है.
रिपोर्ट: प्रकाश कुमार सिन्हा