छठ-दिवाली पर घर जाना हुआ आसान! बिहार-UP के 14 नए रूटों पर चलेंगी BSRTC की बसें, 25 पुराने रूट भी शामिल
Bihar UP Bus Service: बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच जल्द ही 14 नए अंतरराज्यीय बस रूट शुरू किए जाएंगे. इसके साथ ही 25 पुराने रूटों पर बस संचालन का समझौता आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी है.
Bihar UP Bus Service: छठ और दिवाली पर बिहार और उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए घर जाना आसान होने वाला है. अगर आपको भी त्योहार पर घर जाना है और ट्रेन का टिकट नहीं मिला है तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. जल्द ही बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच 14 नए अंतरराज्यीय रूटों पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसें चलेंगी. इसके अलावा पिछले 10 वर्षों से संचालित 25 पुराने रूटों पर बस सेवा के समझौते को भी आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है. लखनऊ में बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत और उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया.
नए रूटों से दिल्ली-हरियाणा तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी
नए रूटों के जुड़ने से रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. बिहार के अलावा दिल्ली और हरियाणा जैसे राज्यों तक भी बसों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. दिल्ली, नोएडा, लखनऊ और कानपुर से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को सीधी, सुरक्षित और किफायती सरकारी बस सेवा का लाभ मिल सकेगा. आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए भी यह पहल यात्रियों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
रामायण और बुद्ध सर्किट से जुड़ेंगे प्रमुख धार्मिक स्थल
बैठक में रामायण सर्किट और बुद्ध सर्किट से जुड़े प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए बेहतर परिवहन व्यवस्था पर भी चर्चा हुई. अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज को सीतामढ़ी, गया, बोधगया और वैशाली जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से सीधी बस सेवा के जरिए जोड़ने की योजना पर विचार किया गया. इससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ-साथ बिहार और उत्तर प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
mou के बाद जल्द शुरू होगी बस सेवा
बैठक में नए रूटों के निर्धारण, परमिट व्यवस्था और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई. निगम के अनुसार, नए रूटों पर सहमति बनने के बाद जल्द ही बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. MOU के बाद नए रूटों पर बस सेवा शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा.
रिपोर्ट: सन्नी कुमार