'SSP को 16 बार फोन किया, नहीं उठाया': बिहार में महिला सुरक्षा पर अपनी ही सरकार पर बरसे BJP सांसद, कहा- चरमरा चुकी है कानून व्यवस्था
बीजेपी के राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल ने महिला सुरक्षा को लेकर सम्राट चौधरी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बिहार के 3 जिलों में महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के बाद पुलिस अपना काम ठीक से नहीं कर रही है. राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है.
जमुई, समस्तीपुर और बांका समेत बिहार के कई जिलों में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की घटनाओं पर बीजेपी के राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल ने अपनी सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया. शंभू शरण पटेल ने पुलिसिंग की कमियों को ईमानदारी से स्वीकार करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि कि बिहार पुलिस अपना काम ठीक से नहीं कर रही है.
बीजेपी के राज्यसभा सांसद शंभू शरण पटेल ने कहा कि चाहे जमुई, बांका, समस्तीपुर की घटना हो या बिहार में कहीं और की, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. हमें ईमानदारी से यह स्वीकार करना चाहिए कि बिहार पुलिस अपना काम ठीक से नहीं कर रही है. उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब महिलाओं और नाबालिगों के साथ छेड़छाड़ और उन पर हमलों की लगातार होती घटनाओं के कारण बिहार की कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में है.
उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का डर नहीं है, तभी तो इस तरह बेटियों से छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं. बिहार में पूरी तरह से कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है. बिहार में एक अच्छे डीजीपी एक अच्छे मुख्य सचिव की जरूरत है. साथ ही बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की जरूरत है. उन्होंने कहा कि प्रशासन की स्थिति ऐसी है कि एसपी फोन नहीं उठाते हैं, मैंने पटना एसएचओ को फोन किया, लेकिन उस पर अभी तक जवाब नहीं मिला है. मैं खुद पीड़ित हूं. पटना SSP को 16 बार फोन किया, नहीं उठाया. बीजेपी सांसद ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, इसमें कोई दो राय नहीं हैं.
जमुई में नाबालिग लड़की से जुड़ा मामला
दरअसल, हाल ही में जमुई जिला में एक घटना घटी, जिसमें एक नाबालिग लड़के और एक लड़की के साथ शनिवार शाम कोचिंग क्लास से लौटते समय कुछ युवकों ने बदसलूकी और छेड़छाड़ की. दोनों छात्र जमुई शहर के प्रसिद्ध पहाड़ी इलाके मड़वा पहाड़ गए थे. जब वे स्कूटी से लौट रहे थे, तब युवकों के एक ग्रुप ने उन्हें रोका, गाली-गलौज की और गाड़ी से उतरने के लिए मजबूर किया और छेड़खान की. साथ ही वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. फिलहाल, पुलिस ने इस छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले में 5 आरोपियों के गिरफ्तार किया गया है.
समस्तीपुर में लड़की से छेड़छाड़
समस्तीपुर मे एक नाबालिग लड़की को एक लड़के के साथ पास के बांध पर देखकर कुछ युवको ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया, उसे परेशान किया और उसके साथ छेड़छाड़ की. लड़की और लड़का बाइक से वहां गए थे और बातचीत कर रहे थे, तभी उन युवकों ने उन्हें घेर लिया. पहले लड़के के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की, जिससे डरकर वह भाग गया. इसके बाद उन लोगों ने लड़की को निशाना बनाया.
बांका का वीडियो वायरल होने से आक्रोश
बांका जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर होने के बाद 6 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें वे एक लड़की के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करते दिख रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, यह घटना प्रसिद्ध पर्यटक और तीर्थ स्थल मंदार हिल पर हुई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस फुटेज पर लगे टाइमस्टैम्प से पता चलता है कि इसे 3 सितंबर को रिकॉर्ड किया गया था.