'पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे हालात देश का करना चाहते हैं राहुल गांधी', बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर आरोप
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के हालात पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे करना चाहते हैं. बीजेपी सांसद ने कहा कि राहुल गांधी पिछले 10 वर्षों में 270 बार विदेश की यात्रा कर चुके हैं.
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने दुमका के परिसदन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और पूरे विपक्ष पर विदेशी ताकतों और राष्ट्रविरोधी तत्वों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करने का बड़ा आरोप लगाया. निशिकांत दुबे ने अमेरिकी कांग्रेस और अन्य अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों के दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि देश में चल रहे हालिया आंदोलन महज संयोग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी अंतरराष्ट्रीय साजिश हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि चीन में बैठे नेविल रॉय सिंघम, हवाला फंडिंग नेटवर्क, सोरोस फाउंडेशन और अमेरिकी सांसद इल्हान उमर जैसी भारत विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश के भीतर रेजीम चेंज की पटकथा लिखी जा रही है. उन्होंने राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे पिछले 10 वर्षों में 270 बार विदेश जाकर किन शक्तियों के संपर्क में रहे, इसका जवाब उन्हें देश को देना चाहिए.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने स्पष्ट किया कि केंद्र की मोदी सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध लगाया, क्रिप्टोकरेंसी को वैध मुद्रा मानने से इनकार किया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर सख्त नीतिगत नेतृत्व दिया. इसी वजह से इन तीनों क्षेत्रों के वैश्विक कार्टेल और लॉबी भारत सरकार के खिलाफ माहौल बना रहे हैं और विपक्ष उनके हाथ का औजार बन चुका है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली की सड़कों पर आम नागरिकों, व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को परेशान करने वाले आंदोलनों को मलेशिया में बैठे जाकिर नाइक, खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू और कराची में बैठे दाऊद इब्राहिम जैसे तत्वों का खुला समर्थन मिल रहा है, जिनका एकमात्र लक्ष्य देश को पाकिस्तान, बांग्लादेश या श्रीलंका जैसे हालात और गृहयुद्ध की तरफ धकेलना है.
संथाल परगना के मुद्दों पर बोलते हुए बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने 1951 से 2011 तक के जनगणना आंकड़ों का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठ के कारण आदिवासी आबादी 45 प्रतिशत से घटकर 26-27 प्रतिशत पर आ गई है, जबकि मुस्लिम आबादी 7 प्रतिशत से बढ़कर 25 प्रतिशत तक पहुंच गई है.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जब घुसपैठियों के फर्जी वोट काटने और मतदाता सूची की शुचिता के लिए कदम उठाया, तो संभावित चुनावी हार से बौखलाकर विपक्ष उन्हें निशाना बना रहा है और कभी नीट तो कभी महंगाई और बेरोजगारी के नाम पर लोगों को भड़का रहा है.
सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र में पूरी आस्था रखती है और वह इंदिरा गांधी के दौर की तरह आपातकाल लगाने या चुनाव टालने में विश्वास नहीं करती. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को हटाने या पराजित करने की शक्ति केवल जनता के पास है. बीजेपी इन सभी अंतरराष्ट्रीय और विपक्षी षड्यंत्रों का कच्चा चिट्ठा लेकर सीधे जनता की अदालत में जाएगी, जहां चुनाव के माध्यम से जनता ही इस साजिश को पूरी तरह उखाड़ फेंकेगी.
रिपोर्ट: सुबीर चटर्जी
यह भी पढ़ें: SIR और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 1 नवंबर को दिल्ली में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली निकालेगा इंडिया गठबंधन, बयानबाजी शुरू