एसआईआर का विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (ECI) के इस्तीफे की मांग को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की अगुआई में 'इंडिया' गठबंधन की रैली आयोजित की जा रही है. इसे लेकर कांग्रेस पार्टी देश भर में जनजागरण के जरिए लोगों से रैली में शामिल होने की अपील भी कर रही है. वहीं, बीजेपी ने राहुल गांधी के वियतनाम दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेश शक्तियों के हाथों में खेलने वाले राहुल गांधी देश से बाहर जाकर भारत को बदनाम करने का काम करते हैं. उनकी रैली में चंद लोग जुटेंगे, जो अब दिग्भ्रमित नहीं होंगे.
कांग्रेस पार्टी की अगुआई में 'इंडिया' गठबंधन की 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली मेगा रैली के आयोजन की तैयारी चल रही है. कांग्रेस प्रदेश महासचिव शशिभूषण राय ने बताया कि 1 नवंबर को कांग्रेस पार्टी ने वोट बचाओ, देश बचाओ रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जा रही है. इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने 208 पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं, जो देश के सभी जिलों में जाकर, जनता के बीच जिला से लेकर पंचायत स्तर तक जाकर ज्ञानेश कुमार के बारे में बताएंगे कि किस तरह से वोट चोरी की जा रही है और संविधान की हत्या की जा रही है. इसके तहत झारखंड से भी भारी संख्या में लोग रामलीला मैदान में आयोजित रैली में भाग लेंगे और झारखंड की उपस्थिति को दर्ज करवाएंगे. जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस पार्टी बैठेगी नहीं.
झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि बात शक्ति प्रदर्शन की नहीं है, अब हर नागरिक को जागरूक होना होगा. जो कुछ भी इस देश में हो रहा है, वह लोकतंत्र के लिए घातक है. सभी लोगों को सड़कों पर इस केंद्र की तानाशाही सरकार के खिलाफ उतरना होगा. गांधीवादी तरीके से आंदोलन चलता आया है, पर जब तक जनसैलाब सड़कों पर नहीं आएगा, तब तक इनके कान पर जूं नहीं रेंगेगी. एक ऐसा दबाव लोगों के द्वारा बनाया जाएगा, जिसकी अगुआई 'इंडिया' गठबंधन के द्वारा सभी दल मिलकर करेंगे और आने वाले दिनों में इस सरकार को झुकना पड़ेगा. निर्णायक लड़ाई 1 नवंबर को दिखेगी.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि ऐसे लोग देश के संविधान को मानने का काम नहीं करते हैं और ऐसा हर काम करते हैं, जिससे देश को बांटा जाए. इनके पास कोई शक्ति नहीं है. चंद लोगों की भीड़ जुटेगी और लोगों को दिग्भ्रमित करने का काम करेगी, पर भारत के लोग सुलझे हुए हैं. इसीलिए इतने दिनों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है. आने वाले दिनों में यदि ऐसा ही नकारात्मक रवैया रहा, तो ये विदेशी ताकतों को मजबूत करने वाले लोग हैं.
उन्होंने आगे कहा कि विदेश में जाकर इनके नेता भारत को अपमानित करने वाली बात बोलते हैं. राष्ट्र विरोधी शक्तियां बीच-बीच में देश को गुमराह और तबाह करने का काम करती हैं. कांग्रेस की जब सरकार चल रही थी, तब कई बार एसआईआर की प्रक्रिया हो चुकी है और आज जब पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार चल रही है, तब उनको एसआईआर गलत लग रहा है. अवैध मतदाता, जो उनके परंपरागत मतदाता थे, उनके नाम की छंटनी होने लगी, तो इनके पेट में दर्द होने लगा है.
रिपोर्ट: धीरज ठाकुर