बिहार में आज कुछ जिलों में बारिश के आसार, छठ महापर्व पर कैसा रहेगा मौसम का हाल? जानिए अपडेट
बिहार में हल्की-हल्की ठंड की शुरुआत हो चुकी है. कई जिलों में सुबह-सुबह हल्का कोहरा छाया हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अभी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है, यानी कि मौसम शुष्क रहने वाला है.
बिहार के घरों में दीपावली के बाद अब छठ पूजा की तैयारी शुरू हो चुकी है. छतों पर गेहूं सुखाने से लेकर बाजार से सामान लाने तक, सभी काम तेजी से किए जा रहे हैं. ऐसे में बिहार में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है, ये जानना जरूरी हो जाता है. बता दें कि बिहार में अब ठंड की शुरुआत भी हो चुकी है. कई लोग सुबह-सुबह स्वेटर-जैकेट में दिखाई दे रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 11 नवंबर को भाई दूज के मौके पर बिहार के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है.
आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार, 11 नवंबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा में आज कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. साथ ही, जुमई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. राज्य के इन जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने की संभावना जताई गई है. IMD के अनुसार, राज्य में 16 नवंबर तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
राज्य में कैसा रहेगा तापमान का हाल?
तापमान की बात करें तो उत्तर पश्चिम बिहार- पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, उत्तर मध्य बिहार- मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में 11 नवंबर को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
इसके अलावा, उत्तर पूर्व बिहार के जिलों और दक्षिण मध्य बिहार- पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद में भी अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है. दक्षिण पश्चिम बिहार के बक्सर, रोहतास, भोजपुर, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल समेत अन्य जिलों में अधिकतम तापमान थोड़ा अधिक यानी 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
आने वाले दिनों के मौसम पर नजर डालें, तो अगले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े या विशेष बदलाव के कोई संकेत नहीं हैं. इसके साथ ही, मौसम विभाग ने यह भी अनुमान जताया है कि अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है, जिससे सुबह के वक्त हल्की धुंध देखने को मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में फेल हो रही है ठंड की एंट्री: अभी भी 38 डिग्री से झुलस रहा है बाड़मेर, दिन में गर्मी से हाल हो रहा बेहाल