App

शोहदों पर बड़ी कार्रवाईः जमुई से लेकर बांका तक, छेड़खानी मामले में कई गिरफ्तारियां

बिहार में बीते दिनों में जमुई, समस्तीपुर, बांका, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और सिवान से लड़की के साथ छेड़खानी और मारपीट के मामले सामने आए थे. अब बिहार पुलिस ऐसी घटनाओं पर काफी सख्ती से काम कर रही है. वायरल वीडियोज से आरोपियों की पहचान करके उनको गिरफ्तार किया जा रहा है.

शोहदों पर बड़ी कार्रवाईः जमुई से लेकर बांका तक, छेड़खानी मामले में कई गिरफ्तारियां
Image Credit: प्रतीकात्मक AI तस्वीर

बिहार के कई जिलों से लड़कियों के साथ छेड़खानी और बदसलूकी के वीडियो वायरल होने से राज्य में महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठे हैं. एक के बाद एक करके सामने आई ऐसी घटनाओं से लड़कियों में काफी खौफ देखने को मिल रहा है. महिलाओं में पुलिस का इकबाल फिर से जगाने के लिए बिहार पुलिस ऐसी घटनाओं पर काफी सख्ती से काम कर रही है. जिन जिलों से ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, वहां पुलिस की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है. इसी कड़ी में जमुई से लेकर बांका तक की घटनाओं में पुलिस ने कई नई गिरफ्तारियां की हैं.

जमुई कांड में दो और आरोपी गिरफ्तार

जमुई छेड़खानी मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रतापपुर थाना थेत्र निवासी भरत राम के बेटे छोटू रवानी और रंजीत राम के बेटे सौरभ कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, इन दोनों ने ही मुख्य अभियुक्त नंदन यादव और हरेराम यादव को फोन करके घटनास्थल पर बुलाया था. इन दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही अब तक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 7 हो गई है, जिनमें से तीन नाबालिग हैं. पुलिस सख्ती से मामले की जांच करने में जुटी हुई है. बता दें कि पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है.

किशनगंज की बेटी का चौथा गुनाहगार गिरफ्तार

इसी तरह से किशनगंज के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास एक युवती के साथ सरेआम बदसलूकी मामले में पुलिस को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिघलबैंक थाना क्षेत्र के जागीर दीघीभाट निवासी शहजाद के रूप में हुई है. इससे पहले शहजाद, मिनाज उर्फ सलमान और अफसर आलम को गिरफ्तार किया गया था. वहीं, इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे घटना से संबंधित किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर बिल्कुल ध्यान न दें.

मंदार पर्वत के गुनहगारों पर शिकंजा कसा

बांका स्थित मंदार पर्वत पर युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजवारा थाना क्षेत्र के चकाई निवासी कारू यादव के बेटे अनंत कुमार (19 वर्षीय), चंद्र राय के बेटे विभीषण कुमार (20 वर्षीय) और बाराहाट थाना क्षेत्र के चिहार गांव निवासी दाउद अली के बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला (21 वर्षीय) के रूप में हुई है. इसक अलावा दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है. घटना में शामिल दो अन्य आरोपितों की तलाश अभी जारी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

मुजफ्फरपुर केस में राजद ने सरकार को घेरा

मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के चंदवारा इलाके में नाबालिग लड़की से छेड़खानी और मारपीट करने वाले स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक ललित कुमार को पकड़कर जमकर पीटा. इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. घटना 23 सितंबर को हुई थी. पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी पिछले करीब तीन महीने से उनकी बेटी को लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रहा था. पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ललित कुमार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है. अब इस मामले को लेकर राजद ने सीएम सम्राट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आरजेडी ने सम्राट सरकार पर कानून के इकबाल को खत्म करने का आरोप लगाया है.

भागलपुर में वायरल वीडियो पर निकला पुराना

भागलपुर के कहलगांव अनुमंडल में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का वीडियो वायरल होने पर पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आई है. भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है. एसएसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला छात्रा से छेड़छाड़ का नहीं, बल्कि ग्रामीणों की ओर से मारपीट का मामला है. उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और वीडियो में एक व्यक्ति को धक्का-मुक्की करते हुए देखे जाने के बाद उसकी गिरफ्तारी भी कर ली गई है. एसएसपी के अनुसार, जब दोनों युवक-युवतियां बंद शिव मंदिर के पास पहुंचे तो वहां कुछ ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी. ग्रामीणों की पूछताछ के दौरान दोनों युवक वहां से भाग गये, जबकि दोनों युवतियां वहीं रह गईं. लड़कियों से पूछताछ के दौरान कुछ गांववालों ने उससे धक्का-मुक्की की थी. एसएसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More