बिहार में शराब माफिया पर पुलिस का बड़ा एक्शन: सीवान में 1728 लीटर विदेशी शराब बरामद, नवादा के जंगल में देसी भट्ठी भी ध्वस्त
Bihar Liquor News: सिवान के गुठनी में पुलिस ने कंटेनर से 1728 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है. वहीं, दुसरी ओर नवादा पुलिस ने नवादा के नारदीगंज में अवैध शराब की भट्ठी ध्वस्त कर 3000 लीटर जावा महुआ नष्ट किया है.
Bihar Liquor News: सीवान के गुठनी में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर से करीब 13 लाख 50 हजार रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है. पुलिस ने कंटेनर से कुल 1728 लीटर शराब जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गुठनी चौराहा के समीप मेहरौना मुख्य मार्ग पर यह कार्रवाई की. बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि श्रीकरपुर चेकपोस्ट के रास्ते शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है. सूचना के बाद पुलिस टीम ने मेहरौना मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान एक संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान कंटेनर के अंदर आटा और कंबल के बीच तहखाना बनाकर छिपाई गई शराब बरामद हुई.
1728 लीटर शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
इस कंटेनर से 200 कार्टन में कुल 1728 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है. इस मामले में पुलिस ने सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र निवासी चालक वीरेंद्र राय को गिरफ्तार किया है. शराब की इस खेप की डिलीवरी पटना में की जानी थी. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है और शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है.
नवादा में अवैध शराब भट्ठी ध्वस्त
वहीं, आने वाले पर्व को देखते हुए नवादा पुलिस ने भी अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ जंगल में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित देसी शराब की भट्ठी को ध्वस्त कर दिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जंगल के अंदर जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री चलाई जा रही थी. मौके से शराब बनाने के सामान, बड़े-बड़े ड्रम और भट्ठियां मिलीं. यह कार्रवाई नारदीगंज थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में की गई. पुलिस टीम ने मौके से करीब 3000 लीटर जावा महुआ बरामद किया, जिसे वहीं नष्ट कर दिया गया. शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और भट्ठी को भी तोड़कर आग के हवाले कर दिया गया.
अवैध कारोबार पर जारी रहेगा पुलिस का अभियान
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. जंगल और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की पैनी नजर है. किसी भी अवैध कारोबार को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: यशवंत सिन्हा (नवादा), अमित सिंह (सिवान)