बिहार स्वास्थ्य विभाग: 7,348 स्टाफ नर्सों को मिली पोस्टिंग, सरकारी अस्पतालों में बढ़ी 'मैन पावर'
बिहार में 7,348 स्टाफ नर्सों की नियुक्ति की गई है. उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में तैनात करने की सूची स्वास्थ्य विभाग ने जारी कर दी है. 348 पेज की यह सूची विभाग के ट्रांसफर-पोस्टिंग सेक्शन में अपलोड की गई है. उम्मीदवार स्वास्थ्य विभाग की सूची के जरिए अपने अस्पताल का आवंटन देख सकते हैं.
बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर और सुचारु रूप से चलाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अहम फैसला लिया है. बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) की अनुशंसा पर चयनित 7,348 स्टाफ नर्सों की राज्य के अलग-अलग सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पोस्टिंग कर दी गई है. मिली जानकारी के अनुसरा, इनमें 4,888 महिला और 2,460 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं.
राज्य की स्वास्थ्य सुविधा में आएगा सुधार
इनकी तैनाती से मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में नर्सों की कमी दूर होगी. साथ ही, इससे मरीजों को बेहतर और समय पर हेल्थकेयर सेवाएं मिल सकेंगी. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्टाफ नर्सों की पोस्टिंग की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट के आधार पर की गई है. दिव्यांग उम्मीदवारों को सुविधा देने के लिए उन्हें उनके गृह जिलों में ही पोस्टिंग दी गई है.
निशांत कुमार ने एक्स पर किया पोस्ट
इसके बारे में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट भी किया है. उन्होंने लिखा- बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) की अनुशंसा पर चयनित 7,348 स्टाफ नर्सों की पदस्थापना कर दी गई है. इनमें 4,888 महिला एवं 2,460 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं, जो एक माह के अंदर राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी सेवाएं प्रारंभ करेंगे. यह नियुक्ति न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, बल्कि बिहार में नौकरी एवं रोजगार की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके लिए हमारी सरकार और हमारा विभाग कृतसंकल्पित है.'
यह भी पढ़ें: 'देश के बच्चों को हथियार न बना लें तिलचट्टे...': CJP के प्रदर्शन पर बिहार के नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया
'बिहार के युवाओं को मिलेगा लाभ'
निशांत ने पोस्ट में आगे लिखा, 'हमारा उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध कराकर आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध इलाज सुनिश्चित करना है. स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति के साथ-साथ हम आवश्यकतानुसार नए पदों के सृजन की दिशा में भी कार्य कर रहे हैं, जिसका लाभ बिहार के युवाओं को मिलेगा. सभी नवनियुक्त स्टाफ नर्सों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! आप निश्चिंत होकर अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें. आपके हितों का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है.'