'सम्राट चौधरी के दाल-भात खाने से बाढ़ पीड़ितों का भला नहीं', राजद सांसद मीसा भारती का तीखा हमला
राजद की सांसद मीसा भारती ने सीएम सम्राट चौधरी के बाढ़ पीड़ितों संग खाना खाने पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कम्युनिटी किचन में दाल-भात खाने से लोगों को क्या फायदा होगा?
बिहार में बाढ़ के बिगड़ते हालात को लेकर सूबे का सियासी पारा चढ़ गया है. पाटलिपुत्र से राजद की सांसद और लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कम्युनिटी किचन में दाल-भात खाने से 12 जिलों के बाढ़ पीड़ितों को क्या फायदा?
भात-दाल खाने से सिर्फ सम्राट चौधरी को फायदा हुआ: मीसा भारती
राजद सांसद मीसा भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री को आम जनता के दुख-दर्द में शामिल होना चाहिए, सिर्फ कम्युनिटी किचन में दाल-भात खाने से बाढ़ पीड़ितों का भला नहीं होगा. भात-दाल खाने से सिर्फ सम्राट चौधरी को फायदा हुआ, उनके लोग कह रहे हैं कि मेरे मुख्यमंत्री आ गए.
'एनडीए के शासनकाल में व्यापक घोटाले हुए'
दरअसल, पटना के दानापुर में आयोजित अनुश्रवण समिति की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचीं सांसद मीसा भारती ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान एनडीए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए के शासनकाल में व्यापक घोटाले हुए हैं, जहां किसी मंत्री ने अस्पताल तो किसी ने पूरा मेडिकल कॉलेज ही हड़प लिया है.
'सरकार केवल कागजी घोषणाओं के सहारे चल रही'
राजद सांसद ने एनडीए सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के बेहद गंभीर आरोप लगाए. साथ ही सभी मंत्रियों की संपत्ति की निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि डस्टबिन घोटाला किसने किया, इसकी जांच होनी चाहिए. एनडीए सरकार के सभी मंत्रियों की संपत्ति की जांच होनी चाहिए. मीसा भारती ने दावा किया कि बिहार का सरकारी खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है. उन्होंने कहा कि सरकार केवल कागजी घोषणाओं के सहारे चल रही है.
बता दें कि सीएम सम्राट सम्राट चौधरी बिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. इस दौरान वह प्रशासनिक सुविधाओं का खुद जाकर जायजा ले रहे हैं. इस बीच सारण में कम्युनिटी किचन में लोगों को खाना परोसा और खुद भी खाया.
रिपोर्ट: इश्तेयाक खान