)
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 26 नवंबर से अपनी राज्यव्यापी समीक्षा यात्रा की शुरुआत करेंगे. यह यात्रा पश्चिम चंपारण के बेतिया से प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर अब प्रदेश की सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया है कि एक साल में ऐसा कौन-सा काम किया गया है, जिसकी समीक्षा की जाएगी. उन्होंने सरकार पर धन की कमी का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ये दौरे समीक्षा के लिए नहीं, बल्कि ट्रांसफर-पोस्टिंग के जरिए वसूली करने के लिए किए जा रहे हैं.
तेजस्वी यादव के बयान पर बीजेपी ने किया पलटवार
तेजस्वी यादव के इस बयान के बाद बीजेपी ने पलटवार किया है. बिहार सरकार के मंत्री लखेन्द्र पासवान ने कहा कि ये वही लोग हैं, जो मोटरसाइकिल और स्कूटर पर चारा खा गए थे. यही लोग बिहार में भ्रष्टाचार करके आम नागरिक बनने से पहले ही भ्रष्टाचारी बन गए थे. मतदाता सूची में नाम जुड़ने से पहले ही हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित कर ली थी.
'NDA की सरकार है, यहां भ्रष्टाचार कभी बर्दाश्त नहीं किया जाता'
उन्होंने आगे कहा कि यह NDA की सरकार है और यहां भ्रष्टाचार कभी बर्दाश्त नहीं किया जाता. चाहे पदाधिकारी हों या जनप्रतिनिधि, अगर कोई भ्रष्टाचार में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होती है. तेजस्वी यादव के पास अब कोई समय, जगह या शब्द नहीं बचे हैं, इसलिए वे इस तरह के आरोप लगा रहे हैं. उनके पास कोई साक्ष्य नहीं है. उन्हें लगता है कि जिस तरह उनके माता-पिता के शासनकाल में वसूली और रंगदारी होती थी और ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए रेट तय होते थे, वही व्यवस्था अब बिहार में भी कायम हो जाएगी. मगर अब वह दौर नहीं है, जो उनके माता-पिता के शासनकाल में था.
'नीतीश कुमार की परंपरा को बढ़ा रहे CM सम्राट चौधरी'
वहीं, JDU की प्रवक्ता अंजुम आरा ने मुख्यमंत्री की यात्रा का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि यह उनके लिए खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी यात्रा पर जा रहे हैं. तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में यात्रा की परंपरा शुरू की थी, जिसका उद्देश्य विकास कार्यों की समीक्षा करना, जनता की समस्याओं को समझना, लोगों से संवाद करना और नीतियां बनाकर बिहार को विकास की दिशा में आगे बढ़ाना था. सम्राट चौधरी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं.
तेजस्वी यादव पर JDU का वार, उनके माता-पिता के शासनकाल में हुआ भ्रष्टाचार
तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अंजुम आरा ने कहा कि उनके वक्तव्य से कोई आश्चर्य नहीं होता, क्योंकि उनकी राजनीतिक परवरिश इसी माहौल में हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके माता-पिता के शासनकाल में भ्रष्टाचार हुआ और लैंड फॉर जॉब मामले में नौकरी के नाम पर बिहार के युवाओं से पैसे लिए गए. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने बचपन से जो राजनीतिक माहौल देखा है, उसी के कारण उनका नजरिया ऐसा है.
उधर, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अजय पासवान ने कहा कि अब बिहार की जनता का यात्राओं से मन नहीं भरने वाला है. जनता खुद सरकार के एक साल के कामकाज की समीक्षा कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की बात कही थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री इसे समाप्त करने के लिए घूम रहे हैं.
अजय पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और उन पर वसूली का दबाव बनाएंगे. उन्होंने बीजेपी, नीतीश कुमार और जेडीयू के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी ऐसी यात्राएं होती रही हैं, लेकिन उनसे कोई परिणाम सामने नहीं आया. अब सरकार की ओर से घोषित योजनाओं को पूरा करने का समय आ गया है.
(जितेंद्र श्रीवास्तव की रिपोर्ट)