)
भारत के 15 साल के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत में तूफान मचा दिया है. मंगलवार को 'राइजिंग स्टार्स एशिया कप' में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-A क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए. वैभव सूर्यवंशी ने इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक, 150 रन और दोहरा शतक सब कुछ एक घंटे के भीतर पूरा कर लिया. 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) टीम के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंदों में अपना पहला लिस्ट-A दोहरा शतक जड़ दिया.
इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-A क्रिकेट में अब तक का सबसे तेज शतक सिर्फ 28 गेंदों में पूरा किया. दोहा में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, उन्होंने शुरुआत से ही गेंदबाजों की धुनाई करनी शुरू कर दी और 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया. वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में अर्धशतक, 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया. वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस विस्फोटक पारी में 384.91 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 28 छक्के उड़ाए. आइए एक नजर डालते हैं, वैभव सूर्यवंशी ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ मैच में कौन से 7 बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं.
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. यह लिस्ट-A क्रिकेट का उनका दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने 21 जून 2026 को श्रीलंका-A के खिलाफ ट्राई सीरीज के फाइनल मैच में 11 गेंद पर अर्धशतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था.
वैभव सूर्यवंशी ने महज 28 गेंदों में शतक जड़ दिया. यह लिस्ट-A क्रिकेट का सबसे तेज शतक है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैक्गर्क ने साल 2023 में साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए तस्मानिया के खिलाफ एक लिस्ट-A मैच में 29 गेंदों पर शतक ठोका था.
वैभव सूर्यवंशी ने केवल 40 गेंदों में लिस्ट-A क्रिकेट की एक पारी में 150 रन जड़कर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.
वैभव सूर्यवंशी ने 52 गेंदों में लिस्ट-A का सबसे तेज दोहरा शतक ठोक दिया. इससे पहले न्यूजीलैंड के क्रिकेटर चाड बोवेस ने लिस्ट ए क्रिकेट में 103 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ा था. चाड बोवेस ने न्यूजीलैंड के घरेलू टूर्नामेंट फोर्ड ट्रॉफी में केंटरबरी के लिए खेलते हुए साल 2024 में ओटागो के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था. चाड बोवेस ने 110 गेंदों पर 205 रन ठोके थे. इस दौरान उन्होंने 27 चौके और 7 छक्के जमाए थे.
वैभव सूर्यवंशी ने एक लिस्ट-A पारी में सबसे ज्यादा 28 छक्के लगाए. यह क्रिकेट में वर्ल्ड रिकॉर्ड है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डार्सी शॉर्ट ने साल 2018 में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए क्वींसलैंड के खिलाफ एक 'लिस्ट ए' मैच की एक पारी में 23 छक्के ठोके थे.
28 छक्कों के साथ वैभव सूर्यवंशी ने पुरुषों के प्रोफेशनल क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया है. इससे पहले तन्मय अग्रवाल ने रणजी ट्रॉफी 2023-24 प्लेट ग्रुप मैच में हैदराबाद के लिए खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ एक फर्स्ट क्लास मैच की पारी में 26 छक्के ठोके थे.
महज 15 साल और 242 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने प्रोफेशनल क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया.