'मेरा बाबू है...', पवन सिंह ने मंच से सबके सामने अक्षरा सिंह से मांगी माफी
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने मुंगेर में एक्ट्रेस से मंच से माफी मांगी. उन्होंने कहा कि अक्षरा सिंह मेरा बाबू है. इनके पिता मेरे बड़े भाई और माता भाभी हैं. मैं इनका सम्मान करता हूं.
मुंगेर में आयोजित एक कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा इंडस्ट्री के पावरस्टार पवन सिंह 18 अक्टूबर, 2026 रविवार की शाम को पहुंचे. यहां पर एक प्रोग्राम के दौरान पवन सिंह ने अभिनेत्री और सिंगर अक्षरा सिंह से सार्वजनिक तौर पर मंच से माफी मांगी. उन्होंने अक्षरा सिंह के माता-पिता को लेकर भी सम्मानजनक बातें कही. पवन सिंह के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों के बीच उनकी जोड़ी को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
दरअसल, मुंगेर जिले के कल्याणपुर स्थित ऐतिहासिक बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में दुर्गा महोत्सव का आयोजन किया गया था. इसमें प्रस्तुति देने पहुंचे पवन सिंह ने अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया. इस दौरान उन्होंने अक्षरा सिंह के सुपरहिट गीतों को भी अपनी आवाज दी.
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों के बीच शोरगुल होने पर पवन सिंह ने कुछ देर के लिए प्रस्तुति रोक दी. इसके बाद उन्होंने मंच से कहा कि अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है. उनके पिताजी हमारे भइया हैं और उनकी माताजी मेरी भाभी हैं. मैंने सॉरी बोला ना... अब एक बार चारों तरफ ताली बजाओ. इसके बाद भोजपुरी सुपरस्टार के इस बयान पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं.
इसके बाद पवन सिंह ने दर्शकों से पूछा कि कौन-कौन चाहता है कि अक्षरा सिंह और उनकी जोड़ी फिर से साथ दिखाई दे? इस पर कई दर्शकों ने हाथ उठाकर समर्थन किया. दुर्गा महोत्सव के दौरान पवन सिंह ने अक्षरा सिंह के गाने गाकर समां बांध दिया. पवन सिंह ने यहां पर दोनों की जोड़ी फिर साथ देखने की इच्छा जताई.
बता दें कि भोजपुरी सिनेमा इंडस्ट्री की सबसे सुपरहिट जोड़ी पवन सिंह और अक्षरा सिंह की मानी जाती थी. हालांकि, कभी सिनेमा के पर्दे पर हिट रही पवन सिंह और अक्षरा सिंह की जोड़ी के बीच रिश्तों में खटास आ गई थी, जिसके दोनों अक्सर अपने खटास की वजह से चर्चा में रहते हैं.
दरअसल, अक्षरा सिंह और पवन सिंह एक दूसरे से प्रेम करते थे. पवन सिंह ने अक्षरा सिंह को छोड़कर उत्तर प्रदेश की बलिया जिले की रहने वाली ज्योति सिंह से शादी. इसके बाद अक्षरा सिंह और पवन सिंह के रिश्तों में दूरी आ गई और दोनों के बीच विवाद हो गया. हालांकि, अब पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच विवाद हुआ और तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है.
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार