बेतिया पुलिस की जांच पर खड़े हुए गंभीर सवाल: जिस घर में 3 बार की छापेमारी, उसी छत से मिला लापता मासूम का शव
Bettiah News: मझौलिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच में 6 अक्टूबर को दो साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई. इस मामले में परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बावजूद पुलिस बच्ची को जिंदा बरामद करने में नाकाम रही. अब बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
Bettiah News: बिहार के पश्चिमी चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर पांच से तीन दिन पहले से लापता एक बच्ची का शव मिलने से बेतिया पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है. आपको बता दें कि बीते 6 अक्टूबर को मझौलिया के वार्ड नंबर पांच में दो वर्षीय बच्ची अनन्या दरवाजे पर खेल रही थी. उसके थोड़ी देर बाद अचानक बच्ची गायब हो गई. लगभग 20 मिनट बाद परिजनों ने बच्ची को खोजना शुरू किया. उसके बाद वहा पर लगे सीसीटीवी का फुटेज भी परिजन को मिल जाता है, जिसमें बगल की युवती सुम्मी बच्ची को ले जाते हुए दिख रही है.
छत पर मिला बच्ची का शव
परिजन और ग्रामीण अगले दिन मझौलिया थाना पहुंचते हैं और पुलिस को सीसीटीवी फुटेज देकर शिकायत दर्ज कराते हैं. बच्ची के दादा हारून खान ने पुलिस को बताया कि पड़ोस के लोगों ने ही उनकी पोती का अपहरण किया है. मझौलिया थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाली युवती की मां और भाई को हिरासत में लिया. उसके घर पर दो से तीन बार छापेमारी कर खोजबीन की, लेकिन बच्ची नहीं मिल पाई. फिर कल पुलिस ने दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया. इसके बाद पुलिस उसी घर में पहुंची, जहां दो-तीन बार खोजबीन कर चुकी थी. पुलिस को घर की छत से बोरे में बच्ची का शव बरामद हुआ. बच्ची का शव मिलते ही सनसनी फैल गई और पुलिस भी दंग रह गई.
ये भी पढ़े: समस्तीपुर में गैस सिलेंडर ब्लास्ट: 12 लाख की संपत्ति स्वाहा, 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे
बेतिया पुलिस पर उठे सवाल
इस घटना ने बेतिया पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है. परिजनों ने पुलिस को बच्ची का अपहरण कर ले जाती युवती का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया था. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में भी लिया. 48 घंटे के बाद भी पुलिस बच्ची को सकुशल बरामद नहीं कर पाई. पुलिस को बच्ची का शव उसी घर की छत से बरामद हुआ, जहां पुलिस दो-तीन बार छानबीन कर चुकी थी. अब सवाल उठता है कि पुलिस के पास बच्ची के अपहरण का सीसीटीवी फुटेज था और आरोपी हिरासत में थे, फिर भी बच्ची को सकुशल बरामद करने में पुलिस नाकाम क्यों रही? बोरे में दो वर्षीय बच्ची अनन्या का शव नहीं, बल्कि बेतिया पुलिस की विफलता और नाकामयाबियों का जनाजा अपराधियों ने भर दिया है.
SDPO का बयान
वहीं, बेतिया सदर-1 के SDPO अजीत कुमार ने बताया कि बच्ची का अपहरण करने के बाद ही उसकी हत्या कर दी गई थी. पुलिस लगातार बच्ची की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही थी और आरोपी से पूछताछ कर रही थी कि उसने शव कहां छिपाया है. देर शाम पुलिस ने बच्ची का शव बरामद कर लिया. बच्ची के परिजन और अपहरण का आरोपी आपस में पट्टीदार हैं और उनके बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसी विवाद में बच्ची की हत्या की गई. हत्या के बाद आरोपी शव को छिपाकर मामले को दबाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने बच्ची का शव बरामद कर आरोपियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया.
रिपोर्ट: धनंजय द्विवेदी